हल्का खाने का हो मन तो बनाएं मसाला मूंग दाल खिचड़ी, फटाफट होगी तैयार

खिचड़ी आसानी से बनने वाली डिश है, जिसे कोई भी तैयार कर सकता है। वैसे तो ये फटाफट बनने वाली डिश में से एक है, लेकिन फिर भी कम लोग ही इसे खाना पसंद करते हैं। कुछ तो इसका नाम सुनते ही नाक मुंह सिकोड़ने लगते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि अधिकतर लोगों के घर में खिचड़ी तब बनाई जाती है जब कोई बीमार होता है और बीमारी में बनने वाली खिचड़ी में किसी भी तरह के मसालों का इस्तेमाल नहीं किया जाता। लेकिन आप चाहें तो खिचड़ी को कई तरीकों से तैयार कर सकते हैं। सब्जी डालकर बनने वाली खिचड़ी भी स्वाद में काफी अच्छी लगती है। इस आर्टिकल में हम आपको मसाला मूंग दाल खिचड़ी की रेसिपी बता रहे हैं। अगर आपका कुछ हल्का खाने का मन करे तो आप इस खिचड़ी को फटाफट बना सकते हैं। इसका चटपटा स्वाद यकीनन सबको पसंद आएगा।
मसाला मूंग दाल खिचड़ी बनाने के लिए आपको चाहिए-
1/2 कप बासमती चावल
1/2 कप मूंग दाल
1 छोटी प्याज
1 छोटा चम्मच अदरक और लहसुन का पेस्ट
1 छोटा चम्मच जीरा
2 लौंग
2 हरी इलायची
1 तेज पत्ते
1 इंच दालचीनी
2-3 साबुत सूखी लाल मिर्च
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
एक बड़ी चुटकी हींग
नमक स्वादानुसार
1 बड़ा चम्मच धनिया पत्ती बारीक कटी
2-3 बड़े चम्मच घी
कैसे बनाएं मसाला मूंग दाल खिचड़ी
मसाला मूंग दाल खिचड़ी के लिए बताई गई मात्रा में मूंग दाल और चावल लें। दोनों चीजों को अच्छे से धोएं और फिर कुछ देर के लिए भिगो दें। अब प्याज को बारीक काट लें। अगर अदरक लहसुन का पेस्ट न हो तो आप इन दोनों चीजों को कद्दूकस करके भी यूज कर सकती हैं। जब सभी तैयारी हो जाए तो कुकर में घी गर्म करें। घी गर्म होते ही इसमें जीरा, साबुत लाल मिर्च, लौंग, हरी इलायची, तेज पत्ते, दालचीनी डालकर भूनें। फिर इसमें प्याज और अदरक-लहसुन डालें। गोल्डन ब्राउन होने तक सभी चीजों को पकाएं। फिर इसमें सभी मसाले और नमक डालें। अच्छे से मिक्स करने के बाद भीगे दाल-चावल को पानी निकालकर डालें और फिर पानी डालकर कुकर का ढक्कन लगाएं। अब 2 सीटी आने तक खिचड़ी को पकाएं। फिर कुकर ठंडा होने के बाद ढक्कन खोलें और खिचड़ी को मैश करें। अगर जरूरत लगे तो पानी डालकर उबाल लें। फिर इसे धनिया से गार्निश करें और सर्व करें।











