दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे में दरार: जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा, बोले “डबल इंजन का मिशन, करप्शन और कमीशन”

दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा है। रतलाम जिले में एक्सप्रेस-वे की सड़क पर दरार सामने आने के बाद उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाया है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि तीन साल पहले लगभग एक लाख करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया एक्सप्रेस-वे में दरार सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “डबल इंजन का एक ही मिशन…करप्शन और कमीशन।”

क्या है मामला 

बता दें कि रतलाम से गुजरने वाले एक्सप्रेस-वे की नई दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर शिवगढ़ के पास अंडरपास के ठीक ऊपर सड़क में दरार दिखाई दी। यह हिस्सा अंडरपास के ऊपर बना हुआ है और सड़क के नीचे करीब 30 फीट की गहराई है। ऐसे में सड़क पर दरार दिखाई देने के बाद इसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता सामने आई। हालांकि, समय रहते इसका पता चलने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

दरार की जानकारी मिलने के बाद एनएचएआई ने मौके पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया और प्रभावित हिस्से की मरम्मत शुरू कराई। नई दिल्ली की तरफ जाने वाली चार लेन में से पहली और दूसरी लेन को कुछ दूरी तक बंद कर दिया गया है। फिलहाल वाहनों को तीसरी और चौथी लेन से निकाला जा रहा है ताकि क्षतिग्रस्त हिस्से पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और मरम्मत का काम भी जारी रह सके।

कांग्रेस ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

इस मामले पर जीतू पटवारी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि तीन साल पहले एक लाख करोड़ रुपए की लागत से बना दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे भी वही किस्सा दोहरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार में करप्शन और कमीशन मिशन बन गया है। कांग्रेस नेता मध्यप्रदेश सरकार को लगातार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेर रहे हैं और एक बार फिर उन्होंने बीजेपी से सवाल किए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close