भोपाल में दशहरे का भव्य आयोजन, कोलार में 105 फीट ऊंचे रावण का दहन, सीएम मोहन यादव समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में असत्य पर सत्य की जीत के पर्व दशहरे को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आज यानि मंगलवार की रात को राजधानी में कई स्थानों पर बड़े स्तर पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। वहीं, कोलार स्थित बंजारी दशहरा मैदान में दशहरे का विशेष आयोजन किया गया है।

बता दें कि कोलार में इस साल 105 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। साथ ही, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, सांसद आयोजन में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय भी शामिल होंगे। इसके अलावा, कार्यक्रम में भजन गायक सुनील लोधी की प्रस्तुति के साथ मुंबई के रूट्स : नादात्म बैंड की संगीतमय प्रस्तुति होगी।

ड्रोन से पुष्पवर्षा और डिजिटल आतिशबाजी बनेगी आकर्षण

बता दें कि रावण दहन के दौरान कहीं भगवान श्रीराम पर ड्रोन से पुष्पवर्षा और डिजिटल आतिशबाजी होगी। तो कहीं लेजर शो, राम-रावण युद्ध और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रावण दहन कार्यक्रमों को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष तैयारियां की हैं।

जानकारी अनुसार, रावण दहन से पहले और उसके दौरान जयपुर तथा तमिलनाडु के शिवाकाशी से आए आतिशबाज आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगे। रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस अवसर पर समाज और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को श्रद्धेय विजेश लूनावत जी युवा पुरस्कार से सम्मानित भी किया जाएगा।

जंबूरी मैदान में 101 फीट, कोलार में 105 फीट रावण का दहन

जानकारी अनुसार, राजधानी भोपाल में 18 स्थानों पर रावण दहन के बड़े कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। जंबूरी मैदान में 101 फीट, कोलार में 105 फीट और कलियासोत में 90 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। इसके अलावा टीटी नगर और बिट्टन मार्केट में भी भव्य आयोजन आयोजित किये गये हैं।

इन स्थानों पर होंगे बड़े कार्यक्रम

भोपाल में बैरागढ़, गांधीनगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी मैदान, अयोध्या नगर, भेल, एमवीएम कॉलेज, विठ्ठल मार्केट, लहारपुरा, पांच नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड सहित कई स्थानों पर रावण दहन के बड़े कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close