35 हजार गौपालकों का सम्मेलन आज, ‘गौपालक दीदियों’ का सम्मान करेंगे अमित शाह, कामधेनु योजना के देंगे स्वीकृति पत्र, बड़े डेयरी प्रोजेक्ट्स की भी होगी शुरुआत


भोपाल। मध्य प्रदेश में आज गौपालकों और डेयरी से जुड़े लोगों के लिए बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में 35 हजार से ज्यादा गौपालक जुटेंगे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाले इस सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसी मंच से गौपालकों और दुग्ध उत्पादकों को योजनाओं का लाभ देने के साथ प्रदेश में डेयरी से जुड़े कई नए प्रोजेक्ट्स की शुरुआत भी होगी।
सम्मेलन में पशुपालन के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली ‘गौपालक दीदियों’ को अमित शाह सम्मानित करेंगे। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी दिए जाएंगे। वहीं भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि मिलेगी।
उज्जैन में नए डेयरी प्लांट की रखी जाएगी नींव
सम्मेलन के साथ प्रदेश के तीन शहरों में डेयरी से जुड़े प्रोजेक्ट्स भी आगे बढ़ेंगे। अमित शाह उज्जैन में बनने वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन करेंगे। इस प्लांट में 3 लाख लीटर दूध प्रोसेस किया जा सकेगा।
भोपाल में तैयार 40 हजार लीटर उत्पादन वाले फर्मेंटेड डेयरी प्रोडक्ट प्लांट की शुरुआत होगी। इसके साथ मध्य प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन में बनाई गई नई डेयरी टेस्टिंग लैब भी शुरू होगी। सहकारी क्षेत्र में यह प्रदेश की पहली राज्य स्तरीय आधुनिक डेयरी टेस्टिंग लैब है। इसी कार्यक्रम से शिवपुरी में बने मिनी डेयरी प्लांट का भी शुभारंभ होगा।
गौशालाओं के खाते में भी पहुंचेगी राशि
सम्मेलन के दौरान प्रदेश की पंजीकृत गौशालाओं को जुलाई और अगस्त 2026 की राशि भी दी जाएगी। पैसा DBT के जरिए सीधे गौशालाओं तक पहुंचेगा। यह राशि वहां रखे गए गोवंश के भोजन और देखभाल के लिए दी जाती है।
इस तरह भोपाल के गौपालक सम्मेलन में एक तरफ गौपालक दीदियों का सम्मान, कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र और दुग्ध उत्पादकों को बोनस मिलेगा, तो दूसरी तरफ उज्जैन, भोपाल और शिवपुरी में डेयरी से जुड़े नए प्रोजेक्ट्स की शुरुआत होगी।











