सीहोर-इछावर रोड पर बड़ा हादसा: चलती बाइक पर गिरा हाईटेंशन तार, पिता-पुत्र बाल-बाल बचे


सीहोर-इछावर मार्ग पर डाकपुलिया के पास शुक्रवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। यहाँ इछावर रोड से गुजर रही एक चलती मोटरसाइकिल के ऊपर अचानक 11 केवी की हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर आ गिरा। तार गिरते ही बाइक में तेज चिंगारी उठी और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बाइक पर पिता और उनके बेटे सवार थे, जिन्होंने वक्त रहते समझदारी दिखाई।
डाकपुलिया के पास हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पिता ने बताया कि वे अपने बेटे के साथ किसी काम से बाइक पर सवार होकर इछावर रोड की तरफ से निकल रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक डाकपुलिया के पास पहुँची, तभी अचानक ऊपर से गुज़र रही हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरा। तार गिरते ही इतना तेज धमाका और स्पार्किंग हुई कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और गाड़ी ने तुरंत आग पकड़ ली।
सड़क किनारे आग का गोला बनी बाइक
दरासल, तार गिरते ही बाइक में आग इतनी तेज़ी से फैली कि देखते ही देखते सड़क किनारे खड़ी बाइक पूरी तरह से आग का गोला बन गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर आग बुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन आग इतनी खतरनाक थी कि कोई पास नहीं जा सका। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक पूरी बाइक जलकर खाक हो चुकी थी और सड़क पर धुआं फैल गया।
बिजली विभाग की लापरवाही से गुस्साए लोग
इस घटना के बाद से ही मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरे इलाके में लंबे समय से बिजली के तार ढीले और जर्जर हालत में लटक रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के अफसरों से की जा चुकी है, लेकिन अधिकारियों ने इस तरफ कभी कोई ध्यान नहीं दिया, जिसका नतीजा आज सामने आया।
मुआवजे और जांच की उठाई मांग
ग्रामीणों का साफ कहना है कि अगर समय रहते बिजली के तारों का मेंटेनेंस कर लिया जाता, तो आज यह खतरनाक हादसा नहीं होता। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए गाड़ियों की आवाजाही भी रुक गई थी। पीड़ित पिता ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई हो और उनकी जली हुई बाइक का उचित मुआवजा दिलवाया जाए।











