कुंभ 2027 को लेकर उत्तराखंड सरकार की बड़ी तैयारी, हरिद्वार में 18 कामों के लिए 61.42 करोड़ मंजूर


देहरादून। उत्तराखंड में 2027 में होने वाले कुंभ मेले को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में कुंभ से जुड़े 18 कामों के लिए 61.42 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके साथ ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सड़क, पेयजल, सिंचाई और धार्मिक स्थलों से जुड़े कामों के लिए भी राशि मंजूर की गई है। इन सभी कामों के लिए करीब 81 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
कुंभ के साथ चंपावत में सड़क नेटवर्क पर भी बड़ा काम होने जा रहा है। टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर की सड़क बनाई जाएगी, जिसके लिए 9.94 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। देहरादून की डोईवाला विधानसभा में माजरी ग्रांट के वैष्णवी मंदिर पुल के पास लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर क्षेत्र तक दो किलोमीटर सड़क बनाने के लिए 1.37 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
पिथौरागढ़ के डीडीहाट में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा और पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 44.54 लाख रुपये जारी होंगे। वहीं पिथौरागढ़ विधानसभा की मझेड़ा ग्राम पंचायत में प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर, कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग बनाने के लिए 49.85 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
मंदिरों के विकास के लिए भी मिली राशि
सरकार ने कई धार्मिक स्थलों पर होने वाले कामों के लिए भी बजट मंजूर किया है। ऊधमसिंह नगर के जसपुर में डाम क्षेत्र के प्राचीन मंदिर के लिए 1.62 करोड़ रुपये और पिथौरागढ़ के गुरु गोरखनाथ मंदिर के मेला स्थल के विकास के लिए 32.53 लाख रुपये दिए जाएंगे।
अल्मोड़ा की सल्ट विधानसभा में शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के लिए 50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पौड़ी के कोटद्वार स्थित कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा और आसपास के कामों के लिए बची हुई 31.90 लाख रुपये की राशि भी मंजूर की गई है।
चंपावत के लोहाघाट में तीन मंदिरों पर काम होगा। त्यौन्दर बाबा मंदिर फोर्ती, भूमिया बाबा मंदिर फोर्ती और महारूद्र मंदिर फोर्ती के लिए 20-20 लाख रुपये दिए जाएंगे।
कोटद्वार में पेयजल योजना पर 3.30 करोड़ खर्च होंगे
पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में सनेह नगरीय पेयजल योजना के तहत सनेह मल्ली में नलकूप और जलाशय बनाया जाएगा। इसके लिए 3.30 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। पिथौरागढ़ के ग्राम पंचायत तौक भौरा में सिंचाई गूल के निर्माण के लिए भी 44.13 लाख रुपये दिए जाएंगे।
टिहरी की देवप्रयाग विधानसभा के कीर्तिनगर में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन बनाए जाएंगे। इस योजना के लिए 1.21 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जबकि काम शुरू करने के लिए 50 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
इन सभी मंजूरियों में सबसे बड़ा हिस्सा कुंभ मेला 2027 से जुड़े कामों का है। हरिद्वार में प्रस्तावित 18 कामों के लिए 61.42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।











