सलकनपुर दर्शन मार्ग पर दो ऑटो की टक्कर, 15 श्रद्धालु घायल, ओवरलोडिंग पर उठे सवाल

मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सलकनपुर दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरे दो ऑटो की आपस में भीषण टक्कर हो गई जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस भयानक हादसे में कुल 15 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के रेहटी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

दर्शन करके लौट रहे और दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं में भिड़ंत

जानकारी के अनुसार यह हादसा तब हुआ जब एक ऑटो श्रद्धालुओं को सलकनपुर में मां बिजासन के दर्शन कराने के बाद वापस ला रहा था। वहीं दूसरा ऑटो नए श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए सलकनपुर की तरफ ले जा रहा था। इसी दौरान ग्राम बायां के पास दोनों ऑटो की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ऑटो के परखच्चे उड़ गए।

5 सीटर ऑटो में ठूंस-ठूंसकर भरी थीं 15 सवारियां

इस हादसे ने सलकनपुर दर्शन मार्ग पर चलने वाले वाहनों में धड़ल्ले से हो रही ओवरलोडिंग की पोल खोलकर रख दी है। केवल 5 सीटों वाले एक छोटे से ऑटो में 15 सवारियां ठूंस-ठूंसकर बिठाई गई थीं। नियम-कायदों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे इन ओवरलोड ऑटो पर प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है, जिसके कारण अक्सर इस मार्ग पर बड़े हादसे देखने को मिल रहे हैं।

एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा

सलकनपुर दर्शन मार्ग और आसपास के इलाकों में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस घटना से ठीक एक दिन पहले भी बुधनी हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर के बीच भीषण भिड़ंत हो गई थी। उस दर्दनाक हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 24 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों से यात्रियों में दहशत है।

रेहटी अस्पताल की मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद रेहटी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की टीम पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। अस्पताल के डॉक्टर अश्विनी दायमा, डॉक्टर वंदना यादव, डॉक्टर श्रुति दुबे, डॉक्टर रामनाथ धुसिया और डॉक्टर हेमंत साहू ने अपनी टीम के साथ मिलकर घायलों को तुरंत इमरजेंसी मेडिकल मदद दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और ओवरलोडिंग की जांच शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close