सब्जी खरीद रहे लोगों पर चढ़ी बेकाबू पिकअप, महिला की मौत, CCTV में कैद घटना


उज्जैन के खाचरौद में शनिवार की सुबह एक भीषण हादसा देखने को मिला। यहां 6 बजे के लगभग लालबाई फूलबाई सब्जी मंडी में गोवंश से भरी हुई पिकअप ने लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक ये पिकअप वाहन बहुत तेज रफ्तार में था। चालक का नियंत्रण पिकअप पर अचानक से बिगड़ गया। जिससे यह सब्जी मंडी में लोगों को टक्कर मारते हुए गलियों में घुस गई। जानकारी के मुताबिक एक गोवंश की भी इस हादसे में मौत हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
टक्कर मारती हुई गुजरी पिकअप
हादसे से जुड़ी जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक पिकअप कुछ देर तक मंडी में ही खड़ी रही। इसके बाद वाहन चालक उसे आगे पीछे करने की कोशिश करने लगा। पहले तो वह दूसरे वाहन से टकराई फिर अचानक आगे बढ़ते हुए सब्जी खरीदने के लिए बैठे हुए लोगों को टक्कर मारती हुई निकल गई। इस दौरान एक महिला इसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद ड्राइवर रुका नहीं और तेज गति से गाड़ी को चलाते हुए गलियों में भागने लगा।
रास्ते में आई चीजों को मारी टक्कर
हादसे के बाद लोगों ने पिकअप वाहन का पीछा भी किया। यह सामने आया है कि चालक भागते समय रास्ते में घरों के बाहर खड़े हुए वाहनों, ऑटो और ओटलों को टक्कर मारता हुआ निकला। जब यह रावला क्षेत्र में पहुंचा तो एक बिजली के खंभे से टकरा गया। इसके बाद चालक ने पिकअप वहीं छोड़ दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने पिकअप जब्त की और उसमें मौजूद गौवंश को भी अपने कब्जे में लिया।
पुलिस कर रही जांच
इस बारे में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी धन सिंह नलवाया ने बताया कि फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। गोवंश कहां से लाया गया था और वाहन कहां जा रहा था। इस बारे में जानकारी निकाली जा रही है। वहीं मृतक महिला रेखा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।











