इंदौर में त्योहारों से पहले रातभर चली पुलिस की चेकिंग, 269 पर कार्रवाई और 95 वारंट तामील

इंदौर शहर में आगामी त्योहारों को देखते हुए शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशों पर शहर भर में रातभर विशेष चेकिंग और पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सड़कों पर उतरकर असामाजिक तत्वों और गुंडे-बदमाशों की जमकर क्लास ली और शहर के सभी थानों में चेकिंग अभियान चलाया गया।

शराबी चालकों पर शिकंजा

पुलिस ने सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान 51 ऐसे वाहन चालकों को पकड़ा गया जो शराब के नशे में गाड़ी चला रहे थे और उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया। वहीं सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वाले 4 लोगों और नशा करने वाले 1 आरोपी पर केस दर्ज हुआ। इसके अलावा एरोड्रम पुलिस ने 3 आरोपियों को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया।

115 आदतन बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, दिए कड़े निर्देश

दरासल, शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस ने 115 आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। जितने भी निगरानीशुदा बदमाश, जिलाबदर अपराधी और तोडफ़ोड़ या चाकूबाजी में शामिल रहे हैं, उन्हें थानों में बुलाकर उनसे डोजियर भरवाए गए। पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर दोबारा किसी अपराध में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ड्रोन से हॉटस्पॉट एरिया पर रखी नजर, रैन बसेरों और ढाबों की ली तलाशी

इंदौर में त्योहारों से पहले रातभर चली पुलिस की चेकिंग, 269 पर कार्रवाई और 95 वारंट तामील

पुलिस टीमों ने शहर के संदेहास्पद और हॉटस्पॉट इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की, ताकि कोई भी अपराधी बचकर भाग न सके। इसके साथ ही देर रात तक चलने वाले होटल, लॉज, ढाबों, रैन बसेरों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मियों ने पैदल घूमकर तंग गलियों और सुनसान रास्तों का मुआयना किया ताकि महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किया संवाद

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सिर्फ चेकिंग ही नहीं की, बल्कि आम जनता से बातचीत भी की। अधिकारियों ने लोगों को साइबर क्राइम, नशाखोरी के नुकसान और सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया। इंदौर पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि आम नागरिक बेफिक्र होकर त्योहार मना सकें।

शकील अंसारी की रिपोर्ट

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close