सीएम मोहन यादव आज 938 पात्र अभ्यर्थियों को वितरित करेंगे अनुकंपा नियुक्ति आदेश, प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी होगा आयोजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 21 अक्टूबर को स्कूल शिक्षा विभाग के अनुकंपा नियुक्ति आदेश वितरित करेंगे। भोपाल के रवींद्र भवन में दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यादव कुल 938 पात्र अभ्यर्थियों को अनुकंपा नियुक्ति आदेश वितरित करेंगे। साथ ही नवनियुक्त कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ करेंगे।

आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय अभिषेक सिंह ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 655 सहायक ग्रेड- तीन, 26 प्राथमिक शिक्षक और 257 पात्र भृत्यों को अनुकंपा नियुक्ति आदेश प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश सरकार की यह संवेदनशील पहल पात्र परिवारों को शासकीय सेवा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सिंह ने बताया कि नियुक्ति आदेशों के वितरण उपरांत नवनियुक्त सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों, प्राथमिक शिक्षकों एवं भृत्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से नवनियुक्त कर्मचारियों को उनके दायित्वों और विभागीय कार्यप्रणाली से परिचित कराने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संभागीय संयुक्त संचालक एवं विभागीय अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभागीय कार्यों में बेहतर योगदान देने वाले अधिकारियों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कुल नियुक्तियां: 938

  • सहायक ग्रेड-तीन: 655
  • प्राथमिक शिक्षक: 26
  • भृत्य (पात्र): 257

मुख्यमंत्री मोहन यादव के आज के कार्यक्रम

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 8:30 बजे राजधानी भोपाल लाल परेड मैदान पहुंचेंगे । ‘पुलिस स्मृति दिवस परेड समारोह’ में शामिल होकर वीर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
  • दोपहर 12 बजे रविंद्र भवन पहुंचने का कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के 938 अभ्यर्थियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
  • दोपहर 1:30 बजे मंत्रालय पहुंचकर खनिज विभाग की एक अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे ।
  • शाम 4:40 बजे एम्स में एक स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
  • रात 8:15 बजे भोपाल से मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां वे रात्रि में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

 

 

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close