मंदसौर में रिहायशी इलाके के गोदाम पर पुलिस का छापा, पटाखों का स्टॉक जब्त, मालिक पर केस दर्ज

दीपावली से पहले मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अवैध पटाखे की बिक्री और भंडारण को लेकर कार्रवाई देखने को मिल रही है। जो लोग अवैध तरीके से पटाखे का भंडारा और बिक्री कर रहे हैं। उन पर लगातार पुलिस की नजर है। इसी कड़ी में मंदसौर में भी पुलिस की छापामार कार्रवाई देखने को मिली।

शहर के अफजलपुर में दरगाह रोड स्थित एक गोदाम पर पुलिस ने छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान 80 हजार रुपए के पटाखे जब्त किए गए हैं। जब्ती की कार्रवाई के साथ गोदाम मालिक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। चलिए पूरा मामला जान लेते हैं।

गोदाम से जब्त किए पटाखे

गोदाम पर की गई पुलिस की इस छापामार कार्रवाई में अनार, रॉकेट, 12 शॉट, 25 शॉट, सुतली बम, तिकड़ी सहित कई पटाखे मिले हैं। पुलिस ने सारे पटाखे अपने कब्जे में ले लिए हैं। जानकारी के मुताबिक रिहायशी इलाके में मौजूद इस गोदाम में हाल ही में पटाखे का स्टॉक रखा गया था। दीपावली आ रही है ऐसे में संभावना है कि पटाखे बेचने के लिए यहां रखे गए थे। इस मामले में पहले पुलिस ने गोदाम संचालक को गिरफ्तार किया था। लेकिन बाद में उसे नोटिस देकर छोड़ दिया है। वहीं गोदाम मालिक दीपक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

चल रही है पड़ताल

अफजलपुर में की गई इस कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी विकास गहलोत का कहना है कि पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतने सारे पटाखे कहां से लाए गए थे। पटाखों के इस भंडारण में कौन कौन शामिल है इस बारे में भी पूछताछ की जा रही है। बता दें कि इसके पहले यशोधर्मन थाना पुलिस ने भी अवैध पटाखे जब्त किए थे।

पुलिस कर चुकी है सतर्क

दिवाली के त्योहार को देखते हुए पुलिस लगातार व्यापारियों और नागरिकों को सतर्क कर रही है। रिहायशी इलाके में पटाखों का भंडारण न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। हादसे की संभावना को देखते हुए पुलिस ने अपील की है कि पटाखों का भंडारण और बिक्री नियमों के मुताबिम परमिशन लेने के बाद ही करें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close