दीपावली से पहले रायगढ़ के होटलों में खाद्य विभाग की दबिश, मिठाई-नमकीन के 7 सैंपल जांच के लिए भेजे

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ जांच अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को विभाग की टीम ने शहर के तीन होटलों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई और नमकीन समेत खाद्य सामग्री के कुल 7 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तीन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य सामग्री के नमूने

जांच अभियान के तहत टीम ने सबसे पहले रामनिवास टॉकीज रोड स्थित तुलसी होटल का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश देने के साथ बेसन पापड़ी, नारियल बर्फी और केसर पेड़ा के नमूने लिए गए। इसके बाद बोइरदादर रोड स्थित मिथिला रेस्टोरेंट से कलाकंद और कुंदा के सैंपल लिए गए। वहीं, सत्तीगुड़ी चौक स्थित बिकानेर रेस्टोरेंट से बेसन लड्डू और गठिया नमकीन के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

साफ-सफाई में कमी मिलने पर संचालकों को निर्देश

निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई से जुड़ी कमियां सामने आईं। इस पर अधिकारियों ने संचालकों को आवश्यक सुधार करने और खाद्य सामग्री के रखरखाव में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल और नेमीचंद पटेल मौजूद रहे।

लैब रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। संदेह होने पर खाद्य सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने में कुछ समय लगेगा। रिपोर्ट में गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी या मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close