उत्तर प्रदेश: बहराइच में बेकाबू कार सड़क पर पलटी, तीन राहगीर चपेट में आए; पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल

बहराइच: जनपद में तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला थाना फखरपुर क्षेत्र का है, जहां गजाधरपुर के आगे लखनऊ की ओर से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दौरान सड़क किनारे खड़े तीन राहगीर कार की चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक और भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आईं।

जानकारी के अनुसार, कार तेज रफ्तार में लखनऊ की दिशा से आ रही थी। गजाधरपुर के आगे पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े राहगीर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में टेंडवा उजार निवासी संपत और उनके छोटे बेटे विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं तीसरे घायल की पहचान महेश्वर के रूप में बताई गई है, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक दिलीप कुमार तिवारी और दीवान अजय पांडे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार और उसके चालक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सड़क किनारे खड़े राहगीरों के लिए यह हादसा किसी बड़े खतरे से कम नहीं था। अनियंत्रित होकर पलटी कार ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close