उत्तर प्रदेश: बांदा में जनगणना का बिगुल! 16 नवंबर से घर बैठे खुद कर सकेंगे अपनी गणना, जानिए पूरा तरीका

बांदा: जनगणना-2027 को लेकर बांदा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।इस बार जनगणना में लोगों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है।अब जिले के लोग घर बैठे ऑनलाइन अपनी स्व-गणना कर सकेंगे।इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 1 दिसंबर से सरकारी प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या से जुड़ी जानकारी जुटाएंगे। यानी अब जनगणना में आम जनता की भी सीधी भागीदारी होगी। जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समिति की बैठक हुई। इसमें जनगणना की तैयारियों,कर्मचारियों के प्रशिक्षण,ऑनलाइन स्व-गणना,प्रचार-प्रसार और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीएम ने साफ निर्देश दिए कि जनगणना में किसी भी परिवार या व्यक्ति का नाम छूटना नहीं चाहिए। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे करें स्व-गणना

प्रशासन के मुताबिक 16 से 30 नवंबर 2026 तक लोग आधिकारिक पोर्टल http://se.census.gov.in पर जाकर अपनी स्व-गणना कर सकेंगे।ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली SE-ID को सुरक्षित रखना होगा।इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।5 से 9 जनवरी तक फील्ड कार्य का पुनरीक्षण किया जाएगा।

जनगणना के नाम पर दस्तावेजों की फोटो कॉपी नहीं मांगी जाएगी

जनगणना को लेकर प्रशासन ने एक अहम बात स्पष्ट की है।प्रगणक किसी भी व्यक्ति से उसके दस्तावेजों की छायाप्रति नहीं लेंगे।जनगणना के दौरान दी गई जानकारी की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।ऐसे में लोग किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें।

गांव-गांव बनेगी हेल्प डेस्क, कर्मचारियों की भी होगी शत-प्रतिशत स्व-गणना

स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों के माध्यम से हेल्प डेस्क बनाई जाएंगी।

शिकायत के लिए जारी हुए निम्न हेल्पलाइन नंबर :-

– राष्ट्रीय हेल्पलाइन: 1855

– चैटबॉट नंबर: 18001801855

– जिला कंट्रोल रूम: 05192-285260

– टोल फ्री नंबर: 1077  

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close