कुरुद में नर्सिंग कॉलेज भवन का भूमिपूजन, विधायक चंद्राकर बोले- क्षेत्र का विकास ऐसा होगा कि लोग सिर्फ चाय पीने…

कुरुद: सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐसे-ऐसे काम हो रहा है या होना बांकी है कि आने वाले तीन सालों के बाद कुरुद सहित क्षेत्र के लोगो को उनके नजदीक ही वह तमाम सुविधाएं उपलब्ध हो जायेगी कि लोग केवल चाय पीने के लिए रायपुर जैसे बड़े शहरों की ओर रुख करेंगे. कुरुद के विकास को लेकर ऐसे-ऐसे विजन और रोड मैप तैयार है, जिनके बारे में मात्र सोंचकर ही मेरे आलोचक बेहोश हो जाएंगे. उक्त बातें कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि की आसन्दी से कही.
गुरुवार को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर के द्वारा कुरूद में शासकीय विधि महाविद्यालय के समीप शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के नवीन भवन साथ ही नवीन स्टाफ क्वाटर का भूमि पूजन किया गया. जिसके साथ ही छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक मानचित्र पर कुरुद एक सशक्त केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है. यह महाविद्यालय प्रदेश के अग्रणी शासकीय नर्सिंग संस्थानों में से एक माना जा रहा है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है.
जिसकी नींव रखते हुए क्षेत्रीय विधायक चंद्राकर ने क्षेत्र में हो रहे तमाम छोटे-बड़े विकासकार्यो का जिक्र करते हुए कहा कि कुरूद के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. आने वाले तीन सालों में यह क्षेत्र छतीसगढ़ के नम्बर वन उपनगर के रूप में विकसित होते दिखाई देगा. एक समय ऐसा भी आएगा कि यहां के लोग रायपुर सिर्फ चाय पीने के लिए रुख करेंगे.
8.68 करोड़ की बिल्डिंग में होगी ये सारी सुविधाएं
शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का नवीन भवन लगभग 8.68 करोड़ की लागत से निर्मित किया जाएगा. भवन में अत्याधुनिक कक्षाएँ, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक नर्सिंग लैब, सिमुलेशन लैब, पुस्तकालय, छात्रावास, प्रशासनिक कक्ष, ऑडिटोरियम, पेयजल, विद्युत एवं हरित परिसर जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी. इससे छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त होगा.
प्रत्येक युवा हुनरमंद बने यही हमारा लक्ष्य 
मुख्य अतिथि विधायक अजय चन्द्राकर ने कहा कि कुरूद का प्रत्येक युवा हुनरमंद बने, यही हमारा लक्ष्य है. नर्सिंग, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से ऐसा वातावरण बनाया जा रहा है जहाँ रोजगार के लिए पलायन नहीं, बल्कि कुरूद से ही प्रगति और सेवा के अवसर सृजित हों. नर्सिंग महाविद्यालय से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ता मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को सम्मानजनक रोजगार और सेवा का सशक्त मंच भी प्राप्त होगा.
उन्होंने यह भी कहा कि स्टार्टअप के लिए सरकार ने नीति बनाई है. हमारा प्रयास है कि हम ऐसी मानसिकता को दूर करें, जो हमें आगे बढ़ने से रोकती है. हम ऐसी सोच बनाएं, जिससे युवाओं को रोजगार मिले और आने वाली पीढ़ी को भावी चुनौतियों का सामना करने के योग्य बनाएं. उद्यमशीलता इतनी मजबूत होनी चाहिए कि, हम समय बदल कर रख दें.
आने वाले समय मे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
चंद्राकर ने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए लाईवलीहुड, बीए, एलएलबी, पॉलीटेक्निक जैसे संस्थान शीघ्र प्रारंभ होंगे. इसके साथ ही युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए डांडेसरा, बड़ी करेली और कचना में औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. यह शैक्षणिक श्रृंखला कुरूद को बहुआयामी शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य है. कृषि महाविद्यालय जहां आधुनिक कृषि तकनीकों से किसानों को सशक्त बना रहा है, वहीं विधि महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक कॉलेज और अब नर्सिंग महाविद्यालय युवाओं को व्यावसायिक एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान कर रहे हैं.
इस मौके पर मेडिकल कॉर्पोरेशन बोर्ड के अध्यक्ष महस्के ने कहा कि गुजरते समय के साथ कुरूद में बदलाव नजर आ रहा है. यहां विकास के नित नये आयाम गढ़े जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जागरूक जनप्रतिनिधि और जनता के सहयोग से ही क्षेत्र का विकास संभव है. विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, मुख्य चिकित्सा एवं  स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.यू.एल. कौशिक, डी पी एम प्रिया कवर, विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर, आनंद यदु, कृष्णकांत, तिलोक जैन, विकास चंद्राकर, टिकेश, सुरेश, लोकेश, ऋषि सोनी, क्षितिज सहित जनप्रतिनिधिगण, स्वास्थ्य अमला, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

close