इंदौर रेप केस के बाद रैपिडो पर बड़ी कार्रवाई, 12 बाइक जब्त, एप बंद कराने की तैयारी

इंदौर में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के बाद परिवहन विभाग ने रैपिडो बाइक टैक्सी पर कड़ा शिकंजा कसा। आरटीओ की टीम ने राइड बुक कर राइडर को पकड़ते हुए बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के चल रही 12 बाइक जब्त कर ली। तीन दिन पहले ही रैपिडो के अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया था। अब पुलिस की मदद से मोबाइल एप को बंद करवाने की कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ अर्चना मिश्रा ने बताया कि रैपिडो को इंदौर में कोई ट्रेड लाइसेंस जारी या नवीनीकृत नहीं किया गया है, इसके बावजूद कंपनी अपने मोबाइल एप के माध्यम से सेवाएं चला रही थी। इसके चलते रैपिडो ट्रांसपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी कर तत्काल एप बंद करने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जवाब नहीं आया तो एकतरफा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि वर्ष 2021 से 2024 तक कई बार मोबाइल एप बंद कराने की मांग की गई थी, लेकिन प्रत्यक्ष नियंत्रण न होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। अब पुलिस और आरटीओ के सहयोग से कार्रवाई तेज की जा रही है।










