माओवादियों को बड़ा झटका, MMC जोन में माओवादी डंप से मिले ₹11 लाख, बालाघाट पुलिस ने बरामद की रकम

राजनांदगांव: महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ (MMC) जोन में माओवादियों की गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बालाघाट पुलिस ने किरनापुर के जंगल से एक माओवादी डंप का खुलासा किया है। इस डंप से पुलिस ने करीब 11 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। एमएमसी जोन में यह पहला मौका है जब माओवादी संगठन की नगद राशि पुलिस के हाथ लगी है। बालाघाट पुलिस अधिकारियों ने इस बरामदगी की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार 12 दिसंबर की शाम जंगल में सर्चिंग के दौरान यह डंप मिला, जिसमें नकदी के साथ अन्य सामग्री भी रखी गई थी। पुलिस को यह सफलता आत्मसमर्पित माओवादी एमएमएसी सचिव कबीर और उसके साथियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर मिली है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माओवादी संगठन को जोन को मजबूत करने के लिए सेंट्रल कमेटी से फंड उपलब्ध कराया जाता था। इसके बाद एरिया कमेटी द्वारा इलाके में तेंदूपत्ता ठेकेदारों, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों से जुड़े ठेकेदारों तथा स्थानीय लोगों से जबरन वसूली कर रकम जुटाई जाती थी। इस राशि का एक हिस्सा सेंट्रल कमेटी को भी भेजा जाता था।

किरनापुर के जंगल से मिला यह डंप नकदी की बरामदगी के लिहाज से अब तक का पहला मामला है। इससे इस संभावना को भी बल मिला है कि एमएमसी जोन में बड़ी मात्रा में नकदी और हथियारों के डंप मौजूद हो सकते हैं। बालाघाट पुलिस की इस कार्रवाई के बाद महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई

हैं।