बिहार: गैस कनेक्शन धारकों को करवाना होगा E-KYC, अन्यथा रुक सकता है सप्लाई…

औरंगाबाद: जिले में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर अपने कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के एलपीजी गैस कंपनियों के सेल्स मैनेजर के साथ बैठक आयोजित की.

बता दें बैठक का उद्देश्य एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति के संबंध में फैल रही भ्रामक सूचनाओं की समीक्षा करना तथा वास्तविक स्थिति का आकलन करना था. बैठक में गैस कंपनियों के सेल्स मैनेजर द्वारा बताया गया कि जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा गैस आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है.

उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरण के समय ओटीपी के माध्यम से सत्यापन कर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे किसी प्रकार की कालाबाजारी की संभावना नहीं रहे. साथ ही यह भी बताया गया कि पूर्व में दो गैस सिलेंडर के वितरण के बीच 21 दिनों का अंतराल था, जिसे बढ़ाकर अब 25 दिन कर दिया गया है. सेल्स मैनेजर द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि सभी उपभोक्ताओं से अपने-अपने गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी कराने का अनुरोध किया गया है. इसके लिए संबंधित गैस एजेंसियों द्वारा अतिरिक्त कर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. “वर्तमान में औरंगाबाद जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति के लिए आईओसीएल के 15, बीपीसीएल के 11 तथा एचपीसीएल के 11 डिस्ट्रीब्यूटर सहित कुल 37 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से जिले में घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है.

जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी गैस एजेंसियां अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती कर उपभोक्ताओं के ई-केवाईसी एवं ओटीपी सत्यापन की प्रक्रिया को सुगमता से संपन्न कराएं. साथ ही उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने के लिए जागरूक करें.

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रखंड क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था का प्रतिदिन निरीक्षण करें तथा यदि कोई व्यक्ति भ्रामक सूचना फैलाता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है. गैस का वितरण नियमित रूप से किया जा रहा है और आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा. आम लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें.

जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें. जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. अतः गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैस प्राप्त करें. बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन तथा जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

close