भवानीपुर में ममता के गढ़ को चुनौती, सुवेंदु अधिकारी दो सीटों से चुनाव मैदान में

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को भवानीपुर और नंदीग्राम दो महत्वपूर्ण सीटों से उम्मीदवार बनाया गया है। भवानीपुर वर्तमान में ममता बनर्जी की सीट है, ऐसे में यहां एक बार फिर ममता बनाम सुवेंदु के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

ममता बनर्जी अब तक भवानीपुर सीट से तीन बार चुनाव जीत चुकी हैं। वर्ष 2011 में जब पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चा की सरकार सत्ता से बाहर हुई थी, उसी समय ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आई थी। नंदीग्राम वह क्षेत्र रहा है जिसने ममता बनर्जी को सत्ता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

एक समय में सुवेंदु अधिकारी ममता बनर्जी के बेहद करीबी सहयोगी माने जाते थे। दोनों ने नंदीग्राम में किसानों की जमीन बचाने के लिए बड़ा आंदोलन चलाया था। बाद में सुवेंदु अधिकारी इसी क्षेत्र से विधायक भी बने। हालांकि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया और इसके बाद राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए।

2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी भाजपा उम्मीदवार के रूप में नंदीग्राम से मैदान में उतरे थे और ममता बनर्जी ने भी अपनी पुरानी सीट छोड़कर नंदीग्राम से चुनाव लड़ने का फैसला किया था। इस चुनाव में ममता बनर्जी को करीब 1956 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि उनकी पार्टी ने राज्य में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी।

नंदीग्राम में हार के बाद ममता बनर्जी ने यह सीट छोड़ दी और बाद में भवानीपुर से उपचुनाव लड़ा। इस उपचुनाव में उन्होंने 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इसके बाद से भवानीपुर को उनका मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार मतदाता सूची के संशोधन में भवानीपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जनवरी 2025 में दर्ज 2,06,295 मतदाताओं में से लगभग 44,787 नाम सूची से हटाए गए, जबकि नंदीग्राम में 2,78,212 मतदाताओं में से करीब 10,599 नाम हटाए गए।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com