जबलपुर में गरबा पास पर बवाल, जमकर चले लात घूंसे, पुलिस कर रही जांच

जबलपुर में एक गरबा आयोजन के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। दरअसल, यहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और बाउंसरों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते धक्का मुक्की और लात घूंसे में बदल गया। जानकारी के मुताबिक यह पूरा हंगामा पास की वजह से हुआ।

यह बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में लोगों की सुरक्षा के लिए बाउंसर तैनात किए गए थे। इस दौरान बजरंग दल के 15 से 20 कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इनके साथ कई महिलाएं भी शामिल थी। जब बाउंसरों ने इनसे पास मांगे तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बाउंसरों और बजरंग दल में झड़प

धनवंतरी नगर की जसूजा सिटी में रखे गए इस कार्यक्रम के दौरान महिला, पुरुष, बच्चे सभी मौजूद। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और बाउंसर के बीच जब प्रवेश के पास को लेकर विवाद शुरू हुआ। तब एक महिला कार्यकर्ता ने बाउंसर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।

पुलिस ने संभाली स्थिति

जैसे ही यह सूचना मिली कि आयोजन स्थल पर कुछ लोगों और बाउंसरों के बीच विवाद हो गया है। तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंची। ASP आयुष जाखड़ और पल्लवी शुक्ला ने स्थिति को संभाला। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

बजरंग दल पर आरोप

इस घटना को लेकर कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का कहना है कि हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आयोजन स्थल पर मौजूद महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की। कार्यक्रम के आयोजक मनीष मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग मौके पर पहुंचे जो खुद को धार्मिक संगठन का कार्यकर्ता बता रहे थे। उनके पास चाकू थे और उन्होंने महिलाओं पर हमला किया। यह भी बताया गया कि उन लोगों ने पुलिस के पहुंचने पर उनके साथ भी विवाद किया। आयोजक का कहना है कि कुछ लोग जानबूझकर विवाद करने के लिए योजना बनाकर पहुंचे थे। पुलिस से घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज चेक कर मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close