सारंगढ़ में गौ-मांस तस्करी का खुलासा, 70 किलो जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र से महज 500 मीटर दूर स्वीपर मोहल्ले में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर चल रही गौ-मांस तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 70 किलोग्राम गौ-मांस बरामद किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई गौ माता सेवा समिति की शिकायत के बाद की गई। पुलिस को लंबे समय से इलाके में अवैध गौ-मांस कारोबार की सूचनाएं मिल रही थीं। सूचना के आधार पर टीम ने कई घरों में दबिश दी और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गौ-मांस बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से पहले मुख्य आरोपी वीरेंद्र रात्रे सहित पांच अन्य लोग मौके से फरार हो गए। फिलहाल इस मामले में कुल आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष प्रेमी, विजय कुमार और मोहन खूंटे शामिल हैं। वहीं फरार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र रात्रे, सुखबाई मिरी, फूलबासन, जानकी और कन्हैया के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वीरेंद्र रात्रे को इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। उसके निर्देश पर कई घरों में गौ-मांस को संग्रहित और सुखाकर रखा जाता था, जिसे बाद में अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जाता था।

मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कुछ लोगों ने अवैध कब्जे वाले घरों को गौ-मांस व्यापार का केंद्र बना रखा था। कई मकान अघोषित रूप से कसाईखाने में तब्दील हो चुके थे, जिससे इलाके का माहौल लगातार खराब हो रहा था।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जे और तस्करी से जुड़े मकानों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि कड़ी कार्रवाई और बुलडोजर अभियान से ही इस तरह के अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सकती है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com