रावण दहन के दौरान आपस में भिड़े दो पक्ष, चले लाठी डंडे, 5 घायल

इंदौर में रावण दहन के कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति देखने को मिली। दोनों के बीच हुए विवाद में पहले कहासुनी हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लात घूंसे और लाठी डंडे बरसाना शुरू कर दिए।

कहासुनी से शुरू हुई इस मारपीट की घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसमें लोग एक दूसरे पर हाथ पैर और लाठियां चलाते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्यों हुआ विवाद

बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि कुमार खाड़ी में दशहरा के उपलक्ष में रावण दहन का आयोजन रखा गया था। इस दौरान दिनों पक्ष सामने सामने आ गए। एक पक्ष का कहना है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने दहन के दौरान अमर्यादित और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। जब विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि आतिशबाजी करने के लिए उन्होंने कुछ लोगों को बुलाया था। इस पर एक पक्ष ने आपत्ति जताई और इसी के बाद कहासुनी और मारपीट शुरू हो गईं।

पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस

इस विवाद की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। जो लोग मारपीट में घायल हुए है, उन्हें इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद देर रात दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। सामने आए वीडियो और लोगों के बयानों के आधार पर इस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close