शिवपुरी में सगाई समारोह के दौरान बवाल, बदमाशों ने परिजनों और रिश्तेदारों पर बरसाईं लाठियां


शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में आने वाले समोहा गांव में सगाई समारोह के दौरान विवाद और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पुराने रंजिश को लेकर यह वाद विवाद किया गया है। इस मामले में कई लोगों को चोट आई है।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने पहले एक व्यक्ति जो परिवार का दामाद है। उसे रास्ते में रोक कर पीटा। इसके बाद वह घर पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। आप नहीं नहीं रुके उन्होंने परिवार का सदस्य और मौजूद रिश्तेदारों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसमें कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने एससी एसटी एक्ट और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है।
पहले रास्ते में हुई मारपीट
इस मामले में पीड़ित कमल सिंह जाटव ने पुलिस को जानकारी दी है कि शुक्रवार की रात करीब 10 बजे उनके भतीजे रविंद्र जाटव का सगाई समारोह था। टेंट लग गया था घर में सारे मेहमान भी मौजूद थे। इसी दौरान उनका दामाद दवाई लेने के लिए बाहर निकला था। तभी बाबा की बावड़ी के पास निर्भय गुर्जर, साहब सिंह गुर्जर, बंटी गुर्जर, छोटू गुर्जर ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट की। इस घटना में इसे कई जगह चोट आई है।
घर पर किया हमला
अनिल ने अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी घर पर फोन करके दी। लेकिन इसके
बाद मामले ने और भी ज्यादा तूल पकड़ लिया। मारपीट करने वाले लोग कुछ देर बाद कमल सिंह के घर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली गलौज करना शुरू कर दी। जब विरोध किया तो बदमाशों ने परिजनों और रिश्तेदारों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दी।
कई लोगों को आई चोट
इस मारपीट में कमल सिंह और मंगल जाटव को सिर में चोट लगी है। इसके अलावा रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों को चोट आने का आरोप शिकायत में लगाया गया है। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी की स्थिति देखने को मिली।











