6 सहकारी समितियों के खातों से 10 करोड़ का गबन, EOW करेगी मामले की जांच

बरमकेला अपेक्स बैंक के 10 करोड़ रुपए के गबन के मामले की जांच अब ईओडब्ल्यू करेगी। इस मामले में समिति प्रबंधकों की भूमिका भी संदेहास्पद है। बैंक से जुड़े 6 सहकारी समितियों के खातों से 10 करोड़ रुपए की निकासी हुई है। इसके बाद भी अब तक दर्ज एफआईआर में सिर्फ बैंक अधिकारी कर्मचारियों के नाम हैं।
वर्तमान शाखा प्रबंधक की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में तत्कालीन डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष पटेल के निजी बैंक आईडी-पासवर्ड का उपयोग कर बड़ी संख्या में ट्रांजेक्शन किए गए। उनके अलावा बैंक के अन्य पांच कर्मचारी भी दोषी पाए गए हैं। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कलेक्टर संजय कन्नौजे ने कहा कि मामले की जांच के लिए पहले ही एक विशेष टीम गठित की गई थी। फिलहाल वर्तमान स्थिति पर अभी कुछ कहना संभव नहीं है, इस संबंध में सहकारिता विभाग से जानकारी ली जा सकती है।











