छत्तीसगढ़ में पहली बार वक्फ संपत्तियों पर ऐसी सख्त कार्रवाई:1843 लोगों को नोटिस दिया, एक से तीन माह का समय, दस्तावेज पेश करें नहीं तो हटा देंगे कब्जे

राज्य बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर अवैध कब्जे को लेकर बड़ी कार्रवाई की जा रही है। बोर्ड ने पिछले तीन माह में रिकार्ड 1843 लोगों को नोटिस जारी किया है। इसमें सबसे ज्यादा रायपुर में करीब 250 लोग शामिल हैं। अब इन नोटिसों को लेकर जबरदस्त विवाद शुरू हो गया है।
अवैध कब्जों को लेकर वक्फ बोर्ड और जिन्हें नोटिस जारी किया है, वो आमने-सामने हो गए हैं। लोगों का कहना है कि जिस संपत्ति पर वक्फ ने दावा किया है, वहां वे 25 से 40 साल से काबिज हैं। अब जबरदस्ती नोटिस देकर विवाद पैदा किया जा रहा है। वक्फ बोर्ड के इन नोटिसों को लेकर भाजपा नेता भी खासे नाराज हैं। नोटिस का मामला भाजपा संगठन के कई बड़े नेताओं के पास भी पहुंच गया है। उन्होंने इस मामले को राज्योत्सव के बाद देखने का भरोसा दिलाया है।
राज्यभर में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की कुल 5723 संपत्तियों में 4942 प्रॉपर्टी में किसी न किसी तरह का विवाद है। किसी संपत्ति पर कब्जा हो गया है तो कहीं लोगों ने आगे-पीछे अतिक्रमण कर लिया है। इसी वजह से अभी ऐसे सभी लोगों को नोटिस दी जा रही है।
जिन लोगों को नोटिस दी जा रही है, उन्हें एक से तीन माह का समय दिया जा रहा है। इस तय समय में जिन्हें नोटिस दी गई है उन्हें अपनी संपत्ति की पूरी जानकारी दस्तावेजों के साथ देनी होगी। नोटिस देने के बाद जो भी लोग ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें कब्जा हटाने या तोड़ने की फाइनल नोटिस दी जा सकती है।
इसलिए बोर्ड के अफसरों ने लोगों से कहा है कि वे नोटिस को गंभीरता से लें और जवाब दफ्तर में जमा करें।शहर में पॉश इलाकों में सबसे ज्यादा कब्जे: वक्फ बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर जिले में सबसे ज्यादा अवैध कब्जे शहरी इलाकों में हुए हैं।
जयस्तंभ चौक से मालवीय रोड, एक्सप्रेस हाईवे में 12 एकड़ जमीन, नयापारा, बैजनाथपारा, मोमिनपारा, पुरानी बस्ती, टिकरापारा, नेहरूनगर, ईदगाहभाठा कई ऐसे मोहल्ले हैं जहां वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर अवैध कब्जे किए गए हैं। इन संपत्तियों की कीमत 100 करोड़ से भी ज्यादा की बताई जा रही है। यही वजह है कि पहली बार इन कब्जों को गंभीरता से लिया जा रहा है ताकि कार्रवाई सख्ती से हो सके।
रायपुर में सबसे ज्यादा अवैध कब्जे का दावा
- केवल राजधानी में ही 100 करोड़ की 200 से ज्यादा प्रॉपर्टी पर अवैध कब्जे, इन्हें ही सबसे पहले दी नोटिस।
- बोर्ड का दावा- पहले भी नोटिस दी गई, लेकिन कभी किसी ने गंभीरता से नहीं लिया, इसलिए अब सख्ती।
- वक्फ के पास 5723 संपत्तियां हैं, इसमें 4942 में किसी न किसी तरह का विवाद, अब इसी पर कार्रवाई की जाएगी।
- ऐसी ही नोटिस पूरी प्रदेश के लोगों को जारी की गई।
5 हजार करोड़ की संपत्ति सर्वे नहीं होने से बढ़े कब्जे वक्फ बोर्ड के पदाधिकारियों के अनुसार वक्फ की संपत्ति सुरक्षित रहे इसलिए वक्फ अधिनियम की धारा 4 में कार्रवाई का प्रावधान है। इन सभी संपत्तियों का हर 10 साल में सर्वे होना चाहिए था, लेकिन राज्य बनने के बाद केवल एक बार 2023 में सर्वे हुआ है।
इसी सर्वे में इस बात की जानकारी मिली है कि बोर्ड के पास लगभग 3500 करोड़ की संपत्तियां शहर और 1500 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी ग्रामीण इलाकों में है। लेकिन इसमें से ज्यादा संपत्तियों पर अवैध कब्जे हो गए हैं। इसके अलावा बोर्ड की जो खाली जमीन थी उस पर भी पक्के निर्माण हो गए हैं। जिन्हें तोड़ना अब आसान नहीं है।
^सर्वे के बाद जहां-जहां अवैध कब्जे या अतिक्रमण की जानकारी मिली है उन्हीं लोगों को नोटिस दी जा रही है। जिन्हें नोटिस दी जा रही है वे जवाब दे सकते हैं। लोगों को पक्ष रखने के लिए पूरा मौका दिया जा रहा है।











