GPM: अवैध मिट्टी उत्खनन पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई, 2 ट्रैक्टर व 1 जेसीबी जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के पेंड्रा क्षेत्र के भाड़ी गांव में मिट्टी के अवैध उत्खनन की शिकायत पर खनिज विभाग की टीम ने दबिश दी. मौके पर मिट्टी निकालते हुए 2 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी मशीन पकड़ी गई, जिन्हें जब्त कर कोटमी चौकी को सुपुर्द कर दिया गया.

खनिज विभाग को स्थानीय लोगों से अवैध खुदाई की कई शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे. टीम ने बिना अनुमति के मिट्टी उत्खनन करते वाहनों को तत्काल जब्त किया और चालकों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी. सभी वाहन कोटमी चौकी परिसर में खड़े किए गए हैं, जहां आगे की जांच चल रही है.

इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन माफिया में हड़कम्प मच गया है. आसपास के गांवों में कई मशीनें हटा ली गईं, क्योंकि विभाग लगातार निगरानी बढ़ा रहा है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोबारा पकड़े जाने पर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने सहित सख्त कदम उठाए जाएंगे. क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए वन विभाग, खनिज विभाग और राजस्व विभाग के उड़नदस्ता दल सक्रिय किए जाने की जरूरत हैं और स्थानीय लोगों क्षेत्र में विभाग से नियमित गश्त की मांग की है.