देखते ही देखते आग की चपेट में आया मकान, सीहोर में 12 लाख का नुकसान

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार को अंजनी धाम कॉलोनी में स्थित छगनलाल के मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

दरसअल इस भयानक हादसे में पीड़ित परिवार का करीब 12 लाख रुपए का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।

अचानक मकान से उठने लगीं आग की लपटें

घटना की शुरुआत अचानक हुई जब मकान से धुएं के साथ-साथ तेज आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। देखते ही देखते आग पूरे मकान में तेजी से फैलने लगी। घर से धुआं और लपटें उड़ती देख आसपास के पड़ोसियों में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे।

स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही सीहोर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बिना वक्त गंवाए दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।

दमकल टीम की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल कर्मचारी आरिफ खान, उपेंद्र और अतिक तुरंत दमकल की गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने अपनी सूझबूझ और कड़ी मेहनत से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

नकदी, गहने और शादी का सामान जलकर हुआ राख

इस भीषण अग्निकांड के बाद से पीड़ित जैन परिवार बहुत गहरे सदमे में है। घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के कीमती गहने और शादी-ब्याह के लिए जुटाकर रखा गया सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया, जिससे परिवार के सामने बहुत बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

हादसे में कुल मिलाकर लगभग 12 लाख रुपए का भारी आर्थिक नुकसान बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि पीड़ित परिवार को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए और उन्हें हर संभव आर्थिक मदद मुहैया कराई जाए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close