‘आई लव यू राधा, मैं तुम्हारे साथ ही चला जाता…’,यूपी में सुसाइड नोट में परिवार के लिए लिखी ये बातें; फिर दी जान

कानपुर: आई लव यू राधा, मैं तुम्हारे साथ ही चला जाता, इस तरह की बातें दो पन्ने के सुसाइड नोट में लिखकर कानपुर के बिठूर थाना इलाके के होरा बांगर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अजीत कुमार यादव उर्फ जीतू (25) ने मफलर के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी.
पुलिस और परिजन का अनुमान है कि 18 साल पहले मां की मौत हो गई थी. उनका नाम राधा था. सुसाइड नोट में उन्हीं का नाम है। कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के कहिंजरी घासी निवादा निवासी सेना से सेवानिवृत्त जयवीर यादव वर्तमान में केसा में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं.
उनका छोटा बेटा अजीत ताऊ रणवीर सिंह के मकान में करीब डेढ़ साल से रहकर सब इंस्पेक्टर की तैयारी काकादेव से कर रहा था। ताऊ के अनुसार, मंगलवार सुबह अजीत के दोस्त बर्रा निवासी आदर्श ने कोचिंग के लिए फोन किया। फोन रिसीव नहीं होने पर आदर्श ने लोधर बिठूर निवासी रिश्तेदार शीबू यादव को फोन करके बताया.
भाई पुष्पेंद्र और चाचा ने मौत को संदिग्ध माना
वह करीब सुबह साढ़े आठ बजे अजीत के घर पहुंचे तो मेन गेट का दरवाजा बंद था। घर के पीछे की तरफ का दरवाजा खुला होने पर अंदर गए तो हॉल में छत पर पंखे के कुंडे से मफलर के सहारे अजीत का शव लटका देखा। भाई पुष्पेंद्र और चाचा रणवीर ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है.
बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया छात्र के मोबाइल से मामले का खुलासा होगा. अगर परिजन कोई तहरीर देते हैं तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा कि राधा की मौत के बाद पिता जयवीर ने बच्चों की देखभाल के लिए मोना से शादी कर ली. मोना ने पुष्पेंद्र और अजीत को बड़े ही लाड़ प्यार से पाला. अजीत की मौत पर सौतेली मां मोना बदहवास हो गईं.
”मैं लकी हूं जो इतने अच्छे परिवार में पैदा हुआ”
सुसाइड नोट में लिखा … आई लव यू राधा… मैं तुम्हारे साथ ही चला जाता… भइया मैं आपको बहुत प्यार करता हूं। पापा मुझे माफ करना, मुझे अब समझ में आ गया है कि आप लोग जो करते हो परिवार के लिए करते हो. मैं बहुत ड्रिंक किए हुए हूं… इसलिए इतना लिख पा रहा। मैं लकी हूं जो इतने अच्छे परिवार में पैदा हुआ. मेरे बारे में मेरे दोस्तों आदर्श, आशू और दीपक से पूछ लेना। मैं जहां भी रहूंगा अब सुकून से रहूंगा.
पुलिस को जांच के दौरान दो पेज के सुसाइड नोट के साथ ही शराब की खाली बोतल, एक कांच का गिलास, पानी की बोतल, दालमोट, तश्तरी में दो जली हुई सिगरेट मिली हैं. अजीत कुमार के एक कान में ईयरबड लगा मिला. पुलिस यह भी कयास लगा रही है कि कहीं छात्र ने किसी से वीडियो कॉल या फिर वाइस करते समय फंदा तो नहीं लगाया है.










