उत्तर प्रदेश: प्रतापगढ़ में रस्क कारोबारी से 92 हजार की ठगी, गोदाम से माल गायब करने वाला आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़: फाफामऊ प्रयागराज के व्यापारी से धोखाधड़ी कर रस्क और अन्य खाद्य सामग्री हड़पने के मामले में उदयपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 401 गत्ता रस्क और दो बोरी अन्य खाद्य सामग्री बरामद की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप को भी सीज कर दिया गया है। मामला 30 अक्टूबर का है, प्रयागराज के फाफामऊ निवासी व्यापारी जीविजो इंडस्ट्रीज के नाम से टोस्ट और रस्क का उत्पादन करते हैं।
आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को अठेहा बाजार निवासी राकेश जायसवाल बताते हुए मोबाइल फोन से 92 हजार 260 रुपये की खाद्य सामग्री का ऑर्डर दिया था। व्यापारी ने 400 पेटी छोटा रस्क, 116 पेटी बड़ा रस्क, 10 पेटी खारी और तीन बोरी फ्राइम भेज दी। माल पहुंचने पर 2,260 रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 90 हजार रुपये ऑनलाइन देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। बाद में गोदाम पहुंचने पर माल गायब मिला।
शिकायत के आधार पर उदयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी दीपनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खानीपुर से जंत्री सिंह को गिरफ्तार किया।
आरोपी की निशानदेही पर उसके घर और बोलेरो पिकअप से 401 गत्ता रस्क, एक बोरी नूडल स्टिक और एक बोरी टोमैटो कचौरी सामग्री बरामद की गई।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने विपिन पाण्डेय और नितिन पाण्डेय के नामों का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने व्यापारी को फोन कर माल मंगवाने और बिना भुगतान किए उसे हड़पने की योजना बनाई थी। मामले में दोनों के नाम विवेचना के दौरान प्रकाश में आए हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।


