ऑनलाइन गोल्ड निवेश के नाम पर महिला से 8.90 लाख की ठगी, फर्जी वेबसाइट से किया गया धोखा

ग्वालियर में एक महिला दुकानदार के साथ साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपितों ने सोने में ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर महिला से 8.90 लाख रुपए की ठगी की। इसके अलावा ठगों ने धोखे से महिला का मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया।

पीड़िता मुरार क्षेत्र में रहने वाली किरण जैन हैं, जो आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान संचालित करती हैं। उनके फेसबुक अकाउंट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, जिसे स्वीकार करने के बाद बातचीत शुरू हुई। मैसेज के जरिए उन्हें जीबीसी गोल्ड नामक कंपनी में निवेश का प्रस्ताव दिया गया।

ठगों ने महिला को बताया कि वह ऑनलाइन सोने और शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमा सकती हैं। झांसे में आकर महिला ने पहले 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए, जो कुछ ही दिनों में बढ़कर 64 हजार दिखने लगे। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग खातों में 14 बार में कुल 8.90 लाख रुपए जमा कर दिए।

आरोपितों ने महिला को एक वेबसाइट का लॉगिन भी दिया था, जहां जमा रकम बढ़ती हुई दिखाई जाती थी। कुछ समय बाद खाते में 30.30 लाख रुपए दिखने लगे। जब महिला ने यह राशि निकालने की कोशिश की तो ट्रांजेक्शन फेल हो गया।

रुपए न मिलने पर महिला ने संपर्क किया तो ठग ने कूरियर के जरिए उनका मोबाइल भी मंगवा लिया। इसके बाद उसका नंबर बंद हो गया। तब महिला को ठगी का एहसास हुआ।

पीड़िता की शिकायत पर मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगों की पहचान और रकम की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन जरूर करें।

close