यूपी में डंफर ने टोचन कर रही कार को मारी टक्कर,एक की हुई मौत,तीन घायल

यूपी : श्रावस्ती में बौद्ध परिपथ स्थित गिलौला थाना क्षेत्र के तिलकपुर मोड़ स्थित बंजारनपुरवा के निकट टोचन कर रही कार को डंफर ने टक्कर मार दी. घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक को लखनऊ व दो को बहराइच रेफर किया गया है.
गिलौला कस्बा निवासी दुर्गा प्रसाद गुप्ता उर्फ रवि (22) पुत्र जगदीश गुप्ता अपने दोस्त गिलौला निवासी आशीष (25) के साथ कार से बहराइच गया था.दोनों वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही दुर्गा प्रसाद कार लेकर गिलौला थाना क्षेत्र के तिलकपुर मोड़ के बंजारनपुरवा के निकट पहुंचा तभी कार खराब हो गई .
फोन करने पर रवि का भाई सुनील (25) गिलौला निवासी अपने दोस्त ओम प्रकाश गुप्ता (28) की कार लेकर मौके पर पहुंचा.इस दौरान उसके साथ गिलौला निवासी आयुष सोनी (18) भी था.जैसे ही सभी कार को टोचन कर रहे थे। तभी बहराइच की ओर से आ रही तेज रफ्तार डंफर ने कार को टक्कर मार दिया.
घटना में ओम प्रकाश की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दुर्गा प्रसाद, आशीष व आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में सुनील बाल बाल बचा.सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी गिलौला लाया गया.जहां से हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दुर्गाप्रसाद को ट्रामा सेंटर लखनऊ व आशीष तथा आयुष को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया.
घटना के बाद चालक डंफर सहित भागने में सफल रहा.मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.









