चीन का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में भारत, बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन?

भारत हिमालय में दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से लद्दाख के लेह तक 489 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन बनाने की योजना है। इस रूट पर तंगलांग ला के पास समुद्र तल से करीब 5,256 मीटर की ऊंचाई पर रेलवे स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। अगर यह योजना पूरी होती है, तो भारत चीन का रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

फिलहाल दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड चीन के तांगगुला स्टेशन के नाम है, जो करीब 5,068 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। भारत का प्रस्तावित स्टेशन इससे करीब 188 मीटर ऊंचा होगा।

इस रेलवे परियोजना पर करीब 1.31 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कई प्रमुख इलाकों को जोड़ेगी। इसकी सबसे बड़ी खासियत होगी करीब 270 किलोमीटर लंबी सुरंगें, जिनके जरिए ट्रेन पहाड़ों के बीच से होकर गुजरेगी।

हालांकि, इतनी ऊंचाई पर रेलवे लाइन बनाना आसान नहीं होगा। यहां बर्फबारी, बेहद कम तापमान, ऑक्सीजन की कमी और कठिन पहाड़ी परिस्थितियां बड़ी चुनौती होंगी।

रेलवे मंत्रालय इस परियोजना का सर्वे पूरा कर चुका है और डीपीआर भी तैयार है। लेकिन अभी निर्माण की अंतिम मंजूरी नहीं मिली है और न ही काम पूरा होने की समयसीमा तय हुई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close