पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान व अवैध असलहा बरामद

इटावा: जनपद में बढ़ती चोरी व आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बकेवर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. इस दौरान अपराधी द्वारा की गई फायरिंग में थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जबकि जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया.
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी भरथना के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. दिनांक 07/08 जनवरी 2026 की रात थाना बकेवर पुलिस निवीड़ी कला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान निवाड़ी की ओर से आ रहे एक ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगे.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो का पीछा किया और दूसरी मोबाइल टीम को सूचित किया. दोनों ओर से घिरने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त अवरार पुत्र इरफान के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया. उसका साथी गोलू कठेरिया अंधेरे व कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है.
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, 4 जिंदा कारतूस, 3 खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक बैटरा, एक इनवर्टर, दो पंखे और एक गैस सिलेंडर बरामद किए गए. पूछताछ में अभियुक्त ने उच्च प्राथमिक विद्यालय सुनवर्षा की लाइब्रेरी का ताला तोड़कर उक्त सामान चोरी करने की बात कबूल की.











