मरवाही विधायक ने धान खरीदी में पारदर्शिता का लिया जायजा, अधिकारियों को सख्त निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मरवाही विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची किसानों की समस्याओं के निराकरण और धान खरीदी प्रक्रिया की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिले के उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज लरकेनी धान उपार्जन केंद्र का आकस्मिक दौरा किया.

निरीक्षण के दौरान विधायक मरपच्ची ने केंद्र पर पहुंचे किसानों से सीधे संवाद किया.उन्होंने धान विक्रय प्रक्रिया में आ रही किसी भी प्रकार की केंद्र में समस्या या असुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी ली.किसानों ने अपनी बातें रखीं, जिस पर विधायक ने त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.

विधायक ने केंद्र प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो.खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुगम और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए.उन्होंने तौलाई, भंडारण , टोकन और भुगतान  की भी बारीकी से जांच की.

गौरतलब है कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य 15 नवंबर से सुचारू रूप से चल रहा है.जिले में कुल 20 धान उपार्जन केंद्र संचालित हैं, जहां बड़ी संख्या में किसान धान बेचने पहुंच रहे हैं.अब तक जिले में लगभग 8 लाख 11 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है.यह प्रक्रिया किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

विधायक की यह पहल किसानों में उत्साह जगाने वाली है और खरीदी प्रक्रिया को और मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है.