मैहर में नल-जल योजना की पाइपलाइन फूटी, सड़क धंसी; कॉलेज-छात्रावास जलमग्न

मैहर: जिले के अमरपाटन क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत बिछाई गई बाणसागर परियोजना की पाइपलाइन फूटने से बड़ा हादसा हो गया. यह घटना अमरपाटन शासकीय महाविद्यालय के समीप बीच सड़क पर हुई, जहां तेज दबाव के कारण पाइपलाइन अचानक फट गई. पाइपलाइन फूटते ही भारी मात्रा में पानी तेज वेग से बाहर निकलने लगा, जिससे सड़क लगभग 4 इंच तक धंस गई और क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
छात्रावास और कॉलेज परिसर जलमग्न
पाइपलाइन फूटने के बाद बहता पानी आसपास के शासकीय छात्रावास एवं महाविद्यालय परिसर में भर गया. देखते ही देखते पूरा क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ गया. छात्रावास परिसर में पानी भर जाने से विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए.
सड़क को हुआ नुकसान, मरम्मत के निर्देश
तेज बहाव वाले पानी से सड़क को भी गंभीर क्षति पहुंची है. सड़क धंसने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई. सड़क की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सूचना दे दी गई है. प्रशासन का कहना है कि पाइपलाइन की मरम्मत के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सड़क को भी शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा.
जलभराव से जनजीवन प्रभावित
सड़क पर पानी भर जाने से स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिससे लोगों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना पड़ा. क्षेत्र में जलभराव के कारण फिसलन भी बढ़ गई, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही.
प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन एसडीएम डॉ. आरती सिंह, तहसीलदार रामदेव साकेत एवं थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तत्काल सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए.
एलएंडटी कंपनी द्वारा बिछाई गई थी पाइपलाइन
एसडीएम डॉ. आरती सिंह ने बताया कि यह पाइपलाइन जल निगम द्वारा एलएंडटी कंपनी के माध्यम से बिछाई गई थी. प्रारंभिक जांच में पाइपलाइन में तकनीकी खराबी के कारण फूटने की बात सामने आई है. जल निकासी के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई है तथा मरम्मत कार्य के लिए संबंधित कंपनी को तुरंत सूचना दे दी गई है.
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत कर जल आपूर्ति को नियंत्रित किया जाएगा और सड़क को सुरक्षित रूप से बहाल किया जाएगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके.











