हरसूद में रानी दुर्गावती जन्मोत्सव, CM मोहन यादव करेंगे 52 गोंड राजवंशों के वंशजों का सम्मान, विकास कार्यों की देंगे सौगात


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को एकदिवसीय व्यस्त दौरे पर रहेंगे, जिसकी शुरुआत भोपाल से होकर खंडवा तक फैले कार्यक्रमों के साथ होगी। निर्धारित क्रमानुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में शिरकत करेंगे।
इस कार्यक्रम के तुरंत बाद, दोपहर लगभग 12:30 बजे वे खंडवा जिले के हरसूद के लिए रवाना होंगे, जहां राज्य स्तरीय रानी दुर्गावती जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
गोंड राजवंश के 52 घराने होंगे सम्मानित
कैबिनेट मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के नेतृत्व में हो रहे इस ऐतिहासिक आयोजन में गोंडवाना साम्राज्य के महाराजा संग्राम शाह के 52 गढ़ों से जुड़े सभी राजवंशों के वंशज एक मंच पर एकत्र होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद इन 52 राजघरानों के वंशजों का सम्मान करेंगे। इसके अलावा गाजे-बाजे और बग्गियों के साथ निकलने वाली भव्य शोभायात्रा में भी मुख्यमंत्री शामिल होकर रानी दुर्गावती के शौर्य और बलिदान को याद करेंगे।
जनजातीय कल्याण और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण पर सीएम का रहेगा जोर
समारोह के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष कुंवर दिव्यदित्य शाह, जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके और मंत्री विजय शाह का भी संबोधन होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मुख्य भाषण होगा, जिसमें वे रानी दुर्गावती के 1564 में मुगल सेना के खिलाफ दिखाए अदम्य साहस को नमन करेंगे। मुख्यमंत्री का जोर गोंडवाना साम्राज्य की महान प्रशासनिक और सुरक्षा प्रणाली से प्रेरणा लेते हुए मध्य प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास पर रहेगा।
हरसूद से ही नीमच के बलराम कृषि महोत्सव में वीसी के माध्यम से जुड़ेंगे सीएम
हरसूद में विकास कार्यों और हितलाभ वितरण के तुरंत बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नीमच में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ से जुड़ेंगे और किसानों को संबोधित करेंगे। सभी कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक समापन करने के उपरांत दोपहर 2:35 बजे मुख्यमंत्री वापस भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के इस विस्तृत और व्यस्त दौरे को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से भोपाल से लेकर हरसूद तक पुख्ता सुरक्षा और व्यवस्थाएं की गई हैं।
सेवा संकल्प अभियान-2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वीरांगना रानी दुर्गावती जन्मोत्सव के अवसर पर तेंदूपत्ता बोनस एवं काष्ठ लाभांश राशि का वितरण
🗓️5 अक्टूबर 2026
📍खंडवा@DrMohanYadav51 @WelfareTribal @minforestmp #CMMadhyaPradesh #SevaSankalpAbhiyan
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) October 5, 2026











