मौत बनकर आया ट्रक! पीछे से मारी टक्कर, कार को दूर तक घसीटता ले गया

बिहार समस्तीपुर :जिले के रोसड़ा-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर बीती रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया.जितवारपुर हसनपुर के पास एक ट्रक ने आगे-आगे चल रही एक कार में पीछे से जोरदार ठोकर मार दी.ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कार को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया.

सोशल मीडिया पर इस घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है.जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे काल बनकर आई एक अनियंत्रित ट्रक ने सामने धीमी रफ्तार में जा रही कार को अपनी चपेट में ले लिया उसे घसीटते हुए करीब 100 मीटर से अधिक दूर तक ले गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने समय रहते ब्रेक नहीं लगाया.

गनीमत रही की सड़क किनारे खड़ी एक दूसरे ट्रक से टकराने के बाद ट्रक रुका, जिससे कार में सवार लोगों की जान बच सकी. हादसे के वक्त कार में चालक समेत तीन लोग मौजूद थे, जो स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए. इधर घटना का वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक का पीछा कर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इधर सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया.बताया जा रहा है कि रात के समय सड़क किनारे कई भारी वाहन खड़े थे, जिससे मार्ग संकरा हो गया था.

इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए कार को टक्कर मार दी.हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। मुफस्सिल थाने की पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.