रतलाम में दर्दनाक हादसा: जावरा-उज्जैन मार्ग पर टैंकर के पहिए के नीचे लेटने से युवक की मौत, सीसीटीवी आया सामने

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बहुत ही हैरान कर देने वाली और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। जिले के जावरा-उज्जैन मार्ग पर मंगलवार सुबह एक युवक की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। यह पूरी घटना चापाखेड़ा फंटे के पास बने भारत पेट्रोल पंप के बिल्कुल सामने हुई जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

दो घंटे बाद सड़क किनारे दिखा शव

इस खौफनाक हादसे के करीब दो घंटे बाद आने-जाने वाले लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल करके मृतक की पहचान की गई वह ग्राम गुर्जरबरड़िया का रहने वाला था। घटना का यह सीसीटीवी फुटेज देर रात सोशल मीडिया पर भी सामने आया।

पहले टैंकर के पास खड़ा रहा

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि सड़क किनारे दो टैंकर खड़े हुए हैं। मृतक मांगीलाल पहले उन्हीं में से एक टैंकर के पास चुपचाप खड़ा दिखाई देता है। कुछ ही पलों में वह चलते हुए टैंकर के क्लीनर साइड वाले पहियों के बीच जाकर लेट जाता है। महज 6 सेकंड के अंदर ही टैंकर आगे बढ़ जाता है और उसे कुचलते हुए निकल जाता है।
रतलाम के जावरा-उज्जैन मार्ग पर एक युवक की टैंकर से कुचलने से मौत हो गई।

शव ले जाने के लिए वाहन नहीं मिलने पर परिजनों ने किया चक्काजाम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बड़ावदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जब परिजनों को इस बात का पता चला, तो वे भी वहां पहुंच गए। अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए जावरा ले जाने के लिए जब कोई वाहन नहीं मिला, तो परिजन और ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए सड़क पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया।

पुलिस की समझाइश के बाद खुली एम्बुलेंस

हंगामा बढ़ने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और शांत कराया। इसके बाद एमपीआरडीसी की एंबुलेंस बुलाई गई, जिसके जरिए शव को जावरा सरकारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बड़ावदा थाना प्रभारी संतोष चौरसिया का कहना है कि पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर युवक टैंकर के नीचे क्यों लेटा था।

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close