रिश्वत की ‘रेट लिस्ट’: सिद्धार्थनगर में महिला लेखपाल का वसूली वीडियो वायरल, डीएम ने बिठाईं जांच

सिद्धार्थनगर : जिले की शोहरतगढ़ तहसील के बैजनथा गांव में भ्रष्टाचार का एक खुला खेल देखने को मिला है. यहाँ तैनात चकबंदी लेखपाल अनिता यादव पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने के बदले करीब 600 ग्रामीणों से अवैध वसूली की है. मंगलवार को आयोजित एक कैंप के दौरान लेखपाल को ग्रामीणों से 50 से लेकर 200 रुपये तक वसूलते हुए कैमरे में कैद किया गया है.
”50 नहीं, 100 निकालो”
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लेखपाल की कार्यप्रणाली साफ नजर आ रही है. वीडियो के एक हिस्से में जब एक ग्रामीण ने काम के बदले 50 रुपये देने की कोशिश की, तो लेखपाल अनिता यादव ने उसे टोकते हुए कहा, “तुम 50 दोगे? चुपचाप 100 रुपये निकालो.” इसके बाद ग्रामीण को मजबूरन 100 रुपये की नोट टेबल पर रखनी पड़ी. लेखपाल के बगल में बैठा उनका सहयोगी इन पैसों को एक बैग में इकट्ठा करता दिखाई दे रहा है.
क्या था पूरा मामला?
गांव: बैजनथा (जिसके अंतर्गत कटहा, बैरिहवा, नइडहर और लमुइया टोले आते हैं).
कार्य: गांव में एक महीने पहले चकबंदी प्रक्रिया पूरी हुई थी. इसके तहत फॉर्म-41 और 45 भरना अनिवार्य था, जिसमें खातेदारों के नाम और जमीन का विवरण दर्ज किया जाता है.
कैंप: इसी कागजी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए मंगलवार को गांव में विशेष कैंप लगाया गया था.
आरोप: ग्रामीणों का कहना है कि जो लोग पैसे नहीं दे रहे थे, लेखपाल उनके काम में जानबूझकर देरी कर रही थीं. डर और मजबूरी के चलते लगभग 600 लोगों ने रिश्वत दी.
प्रशासनिक हलचल और जांच
वसूली का वीडियो बुधवार को सार्वजनिक होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने तुरंत संज्ञान लिया है.
”वीडियो के आधार पर एसडीएम को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं. रिपोर्ट आते ही संबंधित लेखपाल के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.”
— शिवशरणप्पा जीएन, जिलाधिकारी











