उत्तर प्रदेश: खुले नाले में गिरी बग्घी और घोड़े, फिर ऐसा हुआ रेक्स्यू

लखनऊ: लखनऊ के पारा क्षेत्र में खुले नाले में बग्घी दोनों घोड़ों समेत गिर गई. राहगीरों की मदद से घोड़ों को बाहर निकाला गया, लेकिन वे घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया और नाले की टूटी स्लैब जल्द ठीक कराने की मांग की.

राजधानी लखनऊ में नगर निगम की लापरवाही सामने आई है. जब पारा स्थित कल्याण सिंह वार्ड के नरौना मोहल्ले में में सड़क के किनारे खुले नाले में बग्घी दोनों घोड़े समेत गिर गई. काफी देर तक घोड़े नाले में ही फंसे रहे. निकलने की कोशिश कर रहे थे लेकिन निकल नहीं पा रहे थे. रास्ते से गुजर रहे लोगों ने मददकर पहले बग्घी अलग की फिर घोड़ों को बाहर निकाला. निकलने की कोशिश में दोनों घोड़े जख्मी हो गए. नाला ढंकने के लिए रखा गया पत्थर बीच में खुला हुआ है.

कल्याण सिंह वार्ड के नरौना निवासी मान सिंह शादी समारोह में बग्घी चलाते हैं. दोपहर वह नरौसान से बग्घी लेकर आरडीएसओ के एक शादी समारोह में जा रहे थे। तभी सड़क के किनारे खुले नाले में बग्घी के दोनों घोड़े गिर गए। रास्ते से गुजर रहे लोग दौड़े और बग्घी को घोड़ों से अलग किया. नाला गहरा होने के नाते घोड़े निकल नहीं पा रहे थे. यहां जुटे लोगों ने घोड़ों को खींचकर बाहर निकाला. करीब 10 फुट गहरा नाला होने के नाते निकलने की कोशिश में दोनों घोड़े जख्मी हो गए.

नाले पर रखे पत्थर कई जगह से गायब सड़क के किनारे से गुजरे नाले को पत्थर से ढंका गया है लेकिन कई जगह स्लैब गायब हो गए हैं. खुला नाला कई जगह खतरनाक स्थिति में है. स्थानीय निवासी मोहनलाल पासी ने आरोप लगाया कि नाले के पत्थर कई जगह हटे हुए हैं. नगर निगम अधिकारियों ने उन्हें दोबारा ढंकने की जहमत नहीं उठाई. खुले नाले में गिरकर जानवर सहित कई राहगीर एवं बाइक सवार घायल हो चुके हैं. मोहनलाल ने बताया कि अगर जल्द से जल्द इसे ठीक नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा.

close