मैहर: शासकीय रास्ते पर अतिक्रमण के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नेशनल हाईवे पर 2 घंटे रहा चक्काजाम

मैहर: जिले के जरियारी ग्राम में 100 साल पुराने शासकीय रास्ते पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया. भीम आर्मी के बैनर तले आक्रोशित ग्रामीणों ने देर शाम नेशनल हाईवे-30 (जरियारी मोड़) पर चक्काजाम कर दिया. प्रदर्शन के कारण लगभग दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

100 साल पुराने रास्ते पर कब्जे का आरोप

ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में बताया कि ग्राम जरियारी की आराजी नंबर 998 की शासकीय सड़क पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से आवागमन के लिए उपयोग की जा रही है. यह गांव का मुख्य मार्ग है, लेकिन गांव के ही कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों जगदीश लोधी, रामकरण लोधी और इंद्रमान लोधी पर इस रास्ते को अवैध रूप से अवरुद्ध कर कब्जा करने का आरोप है. ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से उनका दैनिक आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है.

आदेश के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि इस अतिक्रमण के संबंध में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं. तहसीलदार न्यायालय द्वारा अतिक्रमण हटाने का आदेश भी पारित किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसी से क्षुब्ध होकर ग्रामीणों को नेशनल हाईवे जाम करने जैसा कदम उठाना पड़ा.

प्रशासनिक समझाइश के बाद खुला जाम

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. नायब तहसीलदार प्रवीण त्रिपाठी और रेनू मिश्रा ने ग्रामीणों से संवाद किया. अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासकीय रास्ते से जल्द ही अतिक्रमण हटा दिया जाएगा और रास्ता बहाल किया जाएगा. इस ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया और यातायात सुचारू हो सका.

आगे के आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने एसडीएम मैहर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि उक्त अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए. ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रास्ता नहीं खोला गया, तो वे उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com