विनय कटियार ने अयोध्या से 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने के दिए संकेत, भाजपा की हिंदुत्व रणनीति को धार

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल और भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने संकेत दिए हैं कि वे अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।

विनय कटियार ने कहा कि अयोध्या उनकी कर्मभूमि रही है और वे यहां से चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनके इस बयान को भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें हिंदुत्व के मुद्दों को एक बार फिर प्रमुखता देने की तैयारी मानी जा रही है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कटियार की सक्रियता से अयोध्या सीट पर सियासी मुकाबला और रोचक हो सकता है। इससे पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने और हिंदुत्व समर्थक मतदाताओं को एकजुट करने में मदद मिल सकती है।

विनय कटियार इससे पहले फैजाबाद (अब अयोध्या) से लोकसभा सांसद और राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। उनके अनुभव और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लंबे राजनीतिक सफर को देखते हुए 2027 के चुनाव में उनकी भूमिका को अहम माना जा रहा है।