टैटू को लेकर कोच से भिड़े विराट कोहली, चैलेंज का दिया जवाब
भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली ने 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मनाया। करीब 18 साल के इंटरनेशनल करियर में उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। मैदान पर अपनी शानदार बल्लेबाजी के अलावा विराट अपने स्टाइल और टैटू को लेकर भी हमेशा चर्चा में रहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक बार उनके टैटू को देखकर कोच इतने नाराज हो गए थे कि उन्होंने विराट को एक चैलेंज दे दिया था?
यह किस्सा साल 2006 का है, जब विराट कोहली दिल्ली की अंडर-17 टीम की ओर से विजय मर्चेंट ट्रॉफी खेल रहे थे। उस समय विराट इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम भी नहीं रख पाए थे। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में दिल्ली का मुकाबला बड़ौदा से होना था। मैच से ठीक एक दिन पहले विराट ने अपने शरीर पर टैटू बनवाया और उसे दिखाने के लिए कोच अजीत चौधरी के पास पहुंच गए।
कम उम्र में विराट का टैटू बनवाना कोच को बिल्कुल पसंद नहीं आया। वह इस बात से काफी नाराज हुए और उन्होंने विराट को चुनौती दी कि अगर उन्होंने टैटू बनवाया है, तो सेमीफाइनल में शानदार पारी खेलकर इसे सही साबित करें।
इसके बाद विराट ने मैदान पर ऐसा जवाब दिया, जिसे लंबे समय तक याद रखा गया। बड़ौदा के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने 228 रनों की शानदार दोहरी शतकीय पारी खेली और दिल्ली को फाइनल में पहुंचा दिया। इतना ही नहीं, फाइनल में भी विराट ने 60 रन बनाए और अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इस शानदार प्रदर्शन के बाद विराट ने एक बार फिर अपने कोच को टैटू दिखाया। जूनियर क्रिकेट के दिनों का यह किस्सा बताता है कि विराट कोहली का आत्मविश्वास और मैदान पर प्रदर्शन से जवाब देने का अंदाज उनके करियर की शुरुआत से ही नजर आने लगा था।


