जन्मदिन से पहले फैंस से नहीं मिलेंगे यश, सोशल मीडिया पोस्ट से टूटा चाहने वालों का दिल

केजीएफ से देशभर में पहचान बनाने वाले कन्नड़ सुपरस्टार यश इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म टॉक्सिक को लेकर चर्चा में हैं। 8 जनवरी को यश अपना 40वां जन्मदिन मनाने वाले हैं और इसी मौके पर फिल्म का टीजर रिलीज होना तय है। हालांकि जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले यश ने फैंस के साथ एक ऐसा संदेश साझा किया, जिसने उनके चाहने वालों को मायूस कर दिया।

दरअसल यश ने साफ किया है कि वह इस बार अपने जन्मदिन पर फैंस से मुलाकात नहीं कर पाएंगे। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि वह फिल्म टॉक्सिक को तय समय पर रिलीज करने की तैयारी में पूरी तरह व्यस्त हैं। यश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपने फैंस से अपील की और उनके प्यार के लिए धन्यवाद भी दिया।

यश ने पोस्ट में लिखा कि वह समझते हैं कि उनके फैंस लंबे समय से उनसे मिलने का इंतजार कर रहे हैं और खुद भी वह इस मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं। हालांकि फिल्म का काम समय पर पूरा करने के लिए वह इस बार व्यक्तिगत तौर पर किसी से नहीं मिल पाएंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द फैंस से मुलाकात जरूर होगी।

यश के इस फैसले से जहां एक ओर फैंस को निराशा हुई है, वहीं दूसरी ओर वे अभिनेता की मेहनत और प्रोफेशनल कमिटमेंट की सराहना भी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई फैंस ने लिखा है कि वे यश के फैसले का सम्मान करते हैं और टॉक्सिक के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही फिल्म टॉक्सिक में यश के साथ तारा सुतारिया और नयनतारा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली है। इसी दिन रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर का सीक्वल भी आने वाला है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।