कंटेस्टेंट लिस्ट को लेकर आए 2 नए नाम, शो में आएगी टीवी की यह सुपरहिट जोड़ी?

रियलिटी टीवी शो बिग बॉस 19 के लिए दर्शकों को काफी इंतजार करना पड़ा, लेकिन अब सलमान खान होस्टेड रियलिटी शो जल्द ही वापसी करने जा रहा है। इस बार कौन से सेलेब्रिटी शो का हिस्सा होंगे, इस बारे में कयासों का सिलसिला जारी है। बिग बॉस से जुड़ी खबरें जारी करने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बिग बॉस खबरी ने अपनी एक ताजा पोस्ट में बताया है कि मेकर्स ने धीरज धूपर को फिर एक बार शो के लिए अप्रोच किया है और इस बार मेकर्स श्रद्धा आर्या को भी शो में लाना चाहते हैं। तो क्या टीवी की यह सुपरहिट जोड़ी दर्शकों को बिग बॉस हाउस में नजर आएगी?
क्या श्रद्धा संग नजर आएंगे धीरज धूपर?
खबरी की पोस्ट के मुताबिक, “धीरज धूपर के बाद अब ‘कुंडली भाग्य’ में उनकी को-स्टार रहीं श्रद्धा आर्या को बिग बॉस 19 के लिए अप्रोच किया गया है। धीरज और श्रद्धा दोनों ही अभी इस ऑफर पर विचार कर रहे हैं, लेकिन मेकर्स इस ऑन-स्क्रीन जोड़ी को ऑन बोर्ड लाने के लिए काफी एक्साइटेड हैं। दोनों को शो में आने के लिए काफी मोटी रकम ऑफर की गई है।” कमेंट सेक्शन में इस जोड़ी को शो में देखने के लिए एक्साइटमेंट साफ नजर आ रहा है। बता दें कि पिछले साल भी धीरज को शो ऑफर किए जाने की खबर आई थी।
पहले आई थी ड्रॉप किए जाने की खबर
चर्चा रही थी कि टीवी की सबसे बड़े रियलिटी शो ने अपनी तरफ से धीरज धूपर को लिए जाने का फैसला खारिज कर दिया क्योंकि एक्टर की तरफ से फरमाइशें काफी ज्यादा थीं। हालांकि इस बारे में ना तो धीरज और ना ही बिग बॉस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया। अब क्योंकि फिर एक बार धीरज धूपर के बिग बॉस हाउस में आने की चर्चा है तो देखना यह होगा कि क्या वह वाकई शो का हिस्सा बनते हैं या फिर पिछली बार की तरह इस बार भी यह सिर्फ एक अफवाह साबित होगी।
मेकर्स ने शो में किए हैं कई बड़े बदलाव
बता दें कि बिग बॉस 19 के लिए फैंस को काफी इंतजार करना पड़ा है और फैंस को खुश करने के लिए मेकर्स इस बार काफी कुछ ऐसा लेकर आने वाले हैं जो दर्शकों को खुश कर देगा। अभी तक बिग बॉस हाउस में नियमों को बदले जाने, तीन होस्ट रखने और एआई डॉल को रियलिटी शो में बतौर कंटेस्टेंट लाने की बातें सामने आ चुकी हैं। सलमान खान होस्टेड रियलिटी शो के इस सीजन को लेकर बज काफी हाई है, लेकिन क्या दर्शकों को शो में वही एक्साइटमेंट देखने को मिलेगा। यह तो वक्त ही बताएगा।











