गुना के पुलिस शस्त्रागार में महिला एसपी ने की पूजा, हितिका वासल के साथ कलेक्टर भी रहे मौजूद

मध्य प्रदेश के गुना जिले में विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन में एक बेहद खास और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूरे विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि गुना जिले के इतिहास में पहली बार किसी महिला एसपी ने पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन की कमान संभाली।

पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन की रही है पुरानी परंपरा

बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर पुलिस विभाग में हर साल शस्त्र पूजन करने की एक पुरानी परंपरा चली आ रही है। इसी परंपरा को निभाते हुए एसपी हितिका वासल ने पुलिस लाइन में रखे सभी सरकारी हथियारों और पुलिस की गाड़ियों का नियम-कायदे से पूजन किया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति का माहौल नजर आया।

जिले की सुख-समृद्धि के लिए किया गया विशेष हवन-पूजन

दरासल, पूजा-अर्चना के साथ-साथ गुना जिले में शांति, खुशहाली और तरक्की बनी रहे, इसके लिए एक विशेष हवन का आयोजन भी किया गया। पंडित जी के मंत्रोच्चार के बीच अधिकारियों और पुलिस जवानों ने आहुतियां दीं। हवन के संपन्न होने के बाद सभी ने मिलकर आरती उतारी और जिले में अमन-चैन बनाए रखने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

गाड़ियों की पूजा के बाद अधिकारियों ने दी दशहरे की बधाई

हवन और आरती का कार्यक्रम खत्म होने के तुरंत बाद पुलिस विभाग की सभी गाड़ियों का पूजन किया गया। गाड़ियों पर तिलक लगाकर और फूल चढ़ाकर सुरक्षा की कामना की गई। इसके बाद एसपी हितिका वासल ने वहां मौजूद सभी पुलिस अफसरों, जवानों और उनके परिवारों से मुलाकात की और पूरे जिलेवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close