धुंधड़का में वाराणसी-वडनगर यात्रा का स्वागत, डिप्टी CM देवड़ा ने यात्रियों का किया अभिनंदन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही वाराणसी-वडनगर जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा गुरुवार रात मंदसौर जिले के धुंधड़का पहुंची। यात्रा के यहां आगमन पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता और कलेक्टर दिव्यांक सिंह समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। धुंधड़का पहुंचे यात्रियों का अभिनंदन करते हुए उनके रात्रि विश्राम और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई।

संजा माता की आरती और सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन

इस धार्मिक और सांस्कृतिक यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों और अतिथियों ने एक साथ मिलकर संजा माता की महाआरती में भाग लिया। इसके साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को याद करते हुए सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन भी किया गया। यात्रा में शामिल सभी यात्रियों को भगवान पशुपतिनाथ की प्रतिमा, प्रसाद और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साह से भर गया।

‘पीएम मोदी ने विकास से बदली देश की तस्वीर’: जगदीश देवड़ा

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम तय किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड, मुफ़्त रसोई गैस और जल जीवन मिशन के जरिए हर घर तक नल से जल पहुंचाकर लोगों के जीवन को आसान बनाया गया है। उन्होंने इस यात्रा को भारतीय संस्कृति को जोड़ने वाली अहम कड़ी बताया।

सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों की रही गरिमामयी मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान सांसद सुधीर गुप्ता ने भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए ढांचागत और सामाजिक बदलावों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। धुंधड़का में रात्रि विश्राम के बाद यह संकल्प यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी, जिसको लेकर क्षेत्रवासियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close