सीहोर की नमकीन-मसाला फैक्ट्री में लगी आग, सामान और मशीनें जलकर राख


सीहोर के इछावर इलाके में एक नमकीन और मसाला बनाने की फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी सामने आई है। ये हादसा शुक्रवार की सुबह हुआ। इस घटना में फैक्ट्री में रखा हुआ सारा सामान और मशीन जलकर खाक हो गई है। कारोबारी ने लाखों रुपए का नुकसान होने की बात कही है।
यह घटना शुक्रवार की सुबह को गोधन दलिया मसाला उद्योग और विनायक नमकीन फैक्ट्री में हुई। यहां पर जितना भी मिर्च, मसाला, नमकीन और पैकेजिंग का सामान रखा था। सब कुछ जल गया है। आग किस वजह से लगी अभी यह कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मसाला और मशीनें जलकर राख
अचानक हुई आगजनी की इस घटना में फैक्ट्री संचालक का काफी नुकसान हुआ है। यहां पर काफी सारा मिर्च, मसाला, पैकेजिंग सामग्री राखी हुई थी। सब पूरी तरह से जल गई है। मसाला और नमकीन बनाने और पैकिंग करने वाली मशीन भी पूरी तरह से जल चुकी है। कारोबारी को कितना नुकसान हुआ है। इसका सटीक आंकलन अभी नहीं किया गया है।
दमकल देर से पहुंचने का आरोप
जब फैक्ट्री में आग लगी उसके बाद ग्रामीणों ने दमकल को इस बारे में सूचना दी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है की सूचना देने के बाद भी 2 घंटे तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि दमकल अगर मौके पर पहुंच जाती तो आग पर काबू पाया जा सकता था। इससे नुकसान होने से भी बच जाता।
हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का काम जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू पाया गया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई तब तक काफी सारा सामान जल चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। आज कैसे लगी और दमकल को मौके पर पहुंचने में देरी क्यों हुई। ये सारी जानकारी जुटाई जा रही है।











