मैहर में डिवाइडर में जा घुसी कार, 2 भाइयों की मौत, ड्राइवर गंभीर घायल

मध्य प्रदेश के मैहर में एक सड़क दुर्घटना देखने को मिली। यहां बिहार के गया से पितरों का श्राद्ध कर्म करके लौट रहे दो भाइयों की कार डिवाइडर से टकरा गई। इनमें से एक डॉक्टर और एक प्रिंसिपल थे। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाइयों की मौत हो गई।

ये हादसा शनिवार तड़के का है। लगभग 3 बजे के करीब कार मैहर के पास पौड़ी गांव के पास से गुजर रही थी। तभी यह डिवाइडर में जा घुसी। इस घटना में दोनों भाइयों ने स्पॉट पर ही दम तोड़ दिया। जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।

दोनों भाइयों ने तोड़ा दम

जानकारी के मुताबिक इस हादसे में जिन दो भाइयों की मौत हुई है। उनकी पहचान दमोह के रहने वाले डॉक्टर संजय गंगेले उम्र 59 वर्ष और प्रिंसिपल सुधीर गंगेले उम्र 61 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं ड्राइवर राजा रैकवार को अस्पताल में भर्ती करवाया है। वो गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।

ड्राइवर की झपकी लगने की आशंका

इस घटना को लेकर यह आशंका जताई जा रही है कि देर रात सफर करते समय ड्राइवर की झपकी लग गई होगी। ड्राइवर की झपकी लगने की वजह से वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close