उज्जैन में माचिस जलाते ही फटा गैस सिलेंडर, युवक बुरी तरह झुलसा, इंदौर रेफर


उज्जैन से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। दरअसल, यहां के कानीपुरा स्थित तिरुपति धाम कॉलोनी में शनिवार की सुबह गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। यह ब्लास्ट इतना जोरदार था कि 24 साल का राजस्थान का रहने वाला संदीप बुरी तरह से जल गया है। उसे इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक संदीप ने जैसे ही माचिस जलाई जोरदार ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट कितना खतरनाक था कि कमरे की एक तरफ की दीवार भी गिर गई है। हादसे में वो लगभग 70% तक जल गया है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इंदौर रेफर किया गया।
माचिस जलाते ही भड़की आग
यह बताया जा रहा है कि सुबह संदीप ने सिगरेट जलाने के लिए माचिस जलाई थी। जैसे ही माचिस जली कमरे में जमा हुई गैस ने आग पकड़ ली। यह आशंका जताई जा रही है कि रात भर कमरे में गैस सिलेंडर से गैस लीक हो रही होगी जो कमरे में जमा हो गई। जैसे ही माचिस जली तुरंत ब्लास्ट हो गया और संदीप को उसकी चपेट में आ गया। जिस समय हादसा हुआ उसे समय संदीप के साथ रहने वाला देवीलाल बाथरूम में गया था। बाथरूम में होने की वजह से वह बाल बाल बच गया।

किराए से रहता था युवक
यह बताया जा रहा है कि संदीप राजस्थान का रहने वाला है और 20 दिन पहले ही उज्जैन आया है। उसने तिरुपति धाम कॉलोनी में किराए से कमरा लिया था और वह वहीं रह रहा था। वह शिप्रा गैस एजेंसी में सिलेंडर लगाने का काम करता था। उसका दोस्त देवीलाल भी इसी कमरे में उसके साथ रहता था।
इलाज के लिए इंदौर रेफर
जब ब्लास्ट हुआ उसके बाद परिजन और आसपास के लोग संदीप को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसका प्राथमिक उपचार किया। लेकिन युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है। हादसे में कमरे की दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे ब्लास्ट की क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है। गैस लीकेज और ब्लास्ट से जुड़ी बातें जांच के बाद सामने आएगी।











